त्योहारों पर प्रशासन अलर्ट: 10 दिन 24 घंटे बिजली, अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा अनिवार्य; मिलावटखोरों पर होगी सख्ती - अमित आसेरी 
आमोद कुमार 
बांदा।त्योहारों की रोशनी में अव्यवस्थाओं का अंधेरा न घुले, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों का खाका खींच दिया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ कर दिया कि त्योहारों के दौरान बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। 6 से 15 नवंबर तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
*बिजली गुल हुई तो तत्काल होगा समाधान*
विद्युत विभाग को 6 से 15 नवंबर तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग का शेष कार्य दीपावली से पहले पूरा कराने को कहा गया है। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9415909206 और टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया गया है।*अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी, एंबुलेंस रहेंगी सक्रिय*
स्वास्थ्य विभाग को सभी सरकारी अस्पतालों में चौबीसों घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षकों और अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा गया है। 102, 108 और एएलएस एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
*मिलावटखोरों और अवैध शराब कारोबारियों पर नजर*
त्योहारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को दुकानों पर विशेष निगरानी, गुणवत्ता जांच और नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।वहीं आबकारी विभाग को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर शराब की दुकानों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
*बसों में पटाखे और ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर रोक*
परिवहन विभाग को बस स्टेशनों पर पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। बसों में पटाखे, आतिशबाजी और अन्य ज्वलनशील प्रतिबंधित सामग्री का परिवहन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों और परिचालकों की नशे की हालत में ड्यूटी पर रोक तथा वाहनों की फिटनेस जांच पर भी जोर दिया गया।
मंदिरों से लेकर चौराहों तक चलेगा सफाई अभियान*
नगर निकायों और पंचायती राज विभाग को प्रमुख मार्गों, चौराहों, मंदिरों तथा ग्रामीण इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और आमजन को त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न होने देने को कहा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
*अब निगाहें आदेशों के क्रियान्वयन पर*
त्योहारों से पहले बैठकों में निर्देशों की फेहरिस्त तैयार होना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन जनता को राहत तभी मिलेगी जब ये निर्देश जमीन पर भी दिखाई देंगे। निर्बाध बिजली, अस्पतालों में चिकित्सकीय उपलब्धता, मिलावट पर कार्रवाई और स्वच्छता के दावे तभी सार्थक होंगे, जब आम नागरिक को त्योहारों के दौरान इनका वास्तविक लाभ मिले। प्रशासन की असली परीक्षा आदेश जारी करने में नहीं, बल्कि उन्हें समय पर लागू कराने में है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।