बांदा। उम्र अभी सपनों को संजोने और जिंदगी को समझने की थी, लेकिन रिश्तों के उलझाव और टूटते भरोसे के बीच एक 16 वर्षीय किशोरी की जिंदगी असमय समाप्त हो गई। कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर चल रही बातचीत के बीच किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन जिंदगी बचाने की कोशिशें कामयाब नहीं हो सकीं।शादी की उम्मीद टूटी तो गहरे संकट में पहुंची किशोरी*
मृतका के चचेरे भाई का कहना है कि किशोरी का अपने देवर के साथ प्रेम प्रसंग था। युवक का घर आना-जाना था और वह शादी के लिए भी तैयार बताया जा रहा था। दीपावली पर विवाह को लेकर बातचीत करने की योजना थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार को किशोरी ने युवक को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बाद में युवक द्वारा शादी से इनकार किए जाने की बात सामने आई। परिजनों के अनुसार, इसी घटनाक्रम से आहत होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
*पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव*
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान किशोरी की मौत की सूचना चिकित्सकों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।*एक सवाल समाज के सामने भी*
यह घटना केवल एक परिवार के दुख तक सीमित नहीं है।यह उस सामाजिक परिस्थिति पर भी सोचने को विवश करती है, जहां किशोर उम्र में भावनात्मक रिश्तों का दबाव, अपेक्षाओं का टूटना और संवाद की कमी गंभीर संकट पैदा कर सकती है। किसी रिश्ते में विवाह का वादा या उससे पीछे हटना अपनी जगह, लेकिन किसी किशोरी की जिंदगी उससे कहीं अधिक अनमोल है। जरूरत है कि परिवार और समाज बच्चों की भावनाओं को समझें, उन्हें भरोसे का सहारा दें और संकट के समय अकेला न छोड़ें।मौत के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।