समाज सुधार, मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता का दिया संदेश
तीन दिवसीय आयोजन में 100 यूनिट रक्तदान, 22 दहेजमुक्त रमैनी विवाह, विशाल भंडारा और आध्यात्मिक प्रदर्शनी रहे आकर्षण का केंद्र
रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
सीतापुर, महोली। महोली क्षेत्र स्थित सतलोक आश्रम, चड़रा में संत रामपाल जी महाराज के 76वें कबीर अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय महासमागम का आज श्रद्धा, सेवा और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ समापन हुआ। महासमागम में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महासमागम के दौरान संत रामपाल जी महाराज के तत्वज्ञान पर आधारित सत्संग में नशामुक्त समाज, दहेज प्रथा उन्मूलन, जाति-पाति के भेदभाव, भ्रष्टाचार तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य और नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया।
आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में 100 यूनिट रक्तदान और 22 दहेजमुक्त रमैनी विवाह शामिल रहे। सभी विवाह बिना दहेज, बिना आडंबर और सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न कराए गए। रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अन्नपूर्णा मिशन के तहत सेवा कार्य
महासमागम में अन्नपूर्णा मिशन के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी भी दी गई। इसके तहत जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों तक राशन पहुंचाने, भूखे परिवारों और बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था करने तथा जरूरतमंद बीमार लोगों को उपचार में सहायता देने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इसके अलावा गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण, किसानों और मजदूरों की सहायता, जरूरतमंद किसानों को खाद, कीटनाशक दवाइयां एवं कृषि संबंधी सहायता उपलब्ध कराने तथा गरीब किसानों की फसलों की कटाई में सहयोग करने जैसे सेवा कार्य भी किए जा रहे हैं। साथ ही गौमाता की सेवा के लिए गौशालाओं के निर्माण और संचालन में सहयोग किए जाने की जानकारी दी गई।
आश्रम परिसर में आयोजित आध्यात्मिक प्रदर्शनी में कबीर साहेब के प्राकट्य से जुड़े प्रसंगों तथा विभिन्न आध्यात्मिक विषयों को प्रस्तुत किया गया। अन्नपूर्णा मिशन के सेवा कार्यों और आवास निर्माण से संबंधित मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।
समागम के दौरान विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सेवा, अनुशासन और स्वच्छता की व्यवस्था देखने को मिली। आश्रम प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: