नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 हटौरा स्थित नजूल भूखण्ड संख्या 1007, 1008, 1009, 1010, 1011 एवं 1017 नजूल सरकार के रूप में दर्ज हैं। उक्त भूमि का क्षेत्रफल लगभग 40,000 वर्गफीट तथा अनुमानित बाजार मूल्य लगभग चार करोड़ रुपये है और यह राज्य सरकार के स्वामित्वाधीन है। उक्त नजूल संपत्ति पर टिन सेट एवं अवैध रूप से अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा किया गया था। इस संबंध में श्री अहमद हसन पुत्र जुम्मन, निवासी मोहल्ला हटौरा, खैराबाद के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई।
संबंधित अवैध कब्जेदार को अपना पक्ष प्रस्तुत करने तथा कब्जे के समर्थन में वैध अभिलेख/दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित अवधि में अवैध कब्जेदार द्वारा न तो कोई वैध स्वामित्व संबंधी अभिलेख प्रस्तुत किया गया और न ही अपने पक्ष में कोई दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। उपलब्ध नजूल एवं राजस्व अभिलेखों तथा स्थलीय निरीक्षण के आधार पर कब्जा अवैध पाए जाने के उपरांत संबंधित कब्जेदार को 15 दिवस के भीतर स्वयं अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया गया था।
निर्धारित अवधि में कब्जा स्वयं न हटाए जाने के कारण आज राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नियमानुसार अवैध कब्जा/अतिक्रमण हटाया गया तथा नजूल भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
इसी क्रम में महेन्द्र टोला में सीतापुर-बिसवां रोड के किनारे नगर पालिका परिषद के स्वामित्व की अत्यंत जर्जर चार दुकानों, जिनसे दुर्घटना की संभावना बनी हुई थी, को भी जनहित एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत नियमानुसार ध्वस्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर श्री बलवंत सिंह, अधिशासी अधिकारी श्री प्रेम शंकर गुप्ता, राजस्व निरीक्षक श्री अवधेश पांडेय, सफाई निरीक्षक श्री मनोज कुमार राणा सहित राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग की टीम उपस्थित रही।
नगर पालिका परिषद खैराबाद द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सरकारी एवं नजूल भूमि पर अवैध कब्जे तथा जनसुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली जर्जर संरचनाओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: