*जौनपुर के तहसीलों में भी डायलिसिस सेंटर की हो व्यवस्था,*
*जौनपुर।* जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता तथा सांसद मछलीशहर सुश्री प्रिया सरोज एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी की सह-अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान पिछली बैठक की कार्यवृत्ति एवं अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष महोदय ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को तत्काल हटाने एवं जनपद में जर्जर तारों को बदलने तथा आवश्यकतानुसार विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसानों के लिए समय से बीज, उर्वरक एवं कृषि दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिये गये। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने, तहसीलों में भी एक-एक डायलिसिस सेंटर की व्यवस्था कराने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर सांप एवं कुत्ते के काटने पर उपचार हेतु आवश्यक इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। जनपद के सड़कों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि बारिस में जहां पर सड़के खराब हुई है उनका शीघ्र अतिशीघ्र मरम्मत करने का कार्य किया जाए और जहां पर आवश्यकता हो नई सड़क का प्रस्ताव भेजा जाए। एएमए जिला पंचायत को निर्देशित किया कि जिला पंचायत के अन्तर्गत आने वाले सड़को को मरम्मत करने का कार्य किया जाए। जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा करते हुए सड़को के रेस्टोरेशन की जानकारी प्राप्त की प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान विभिन्न पेंशन योजनाओं, छात्रवृत्ति वितरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गो-संरक्षण एवं पशु टीकाकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में रेलवे एवं एनएएचआई से सम्बन्धित कार्यो की भी समीक्षा की गयी। हौज स्थित टोल पर प्रायः जाम लगने की समस्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्यवाही करते हुए इस समस्या का त्वरित निदान किया जाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों एवं सुझावों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। विधायक जगदीश नरायण राय, रमेश चन्द्र मिश्र, रमेश सिंह, डॉ. आर.के. पटेल, मल्हनी श्री लक्की यादव, विधायक पंकज पटेल, विधायक केराकत श्री तुफानी सरोज, विधायक मछलीशहर श्रीमती रागिनी सोनकर, एमएलसी श्री बृजेश सिंह प्रिंसू सहित अन्य प्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे,
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: