टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी मैच के दौरान चोट लगी थी, इसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह मिली थी. माना जा रहा है था कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच से वह मैदान पर वापसी कर सकते हैं. लेकिन बुमराह को लेकर अब दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारी के लिए टीम इंडिया 6 फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. इस सीरीज का पहला मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वनडे टीम में एंट्री हुई है. उन्होंने हाल ही में टी20 सीरीज में मैच विनिंग प्रदर्शन किया था. ऐसे में उनकी फॉर्म को देखते हुए सेलेक्टर्स ने ये फैसला लिया है. लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम इस टीम में शामिल नहीं है.
वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह
दरअसल, जसप्रीत बुमराह को ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी मैच के दौरान चोट लगी थी, इसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह मिली थी. लेकिन माना जा रहा था कि बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में नजर आ सकते हैं. लेकिन वनडे सीरीज को लेकर बीसीसीआई की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में बुमराह का नाम नहीं है. टीम इंडिया के स्क्वॉड में सब्जेक्ट टू फिटनेस के तौर पर भी बुमराह का नाम नहीं लिखा गया है. यानी वह वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे.
बता दें, टीम इंडिया के ऐलान के दौरान चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुमराह पर बड़ा अपडेट दिया था. अजीत अगरकर ने कहा था, ‘बुमराह को पांच सप्ताह के लिए आराम करने के लिए कहा गया है और वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.’ यानी सब कुछ ठीक रहता है तो बुमराह सीरीज के आखिरी मैच में नजर आ सकते है. लेकिन प्रेस रिलीज में बुमराह पर कोई अपडेट नहीं दिया गया है, जिसके बाद फैंस की टेंशन बढ़ गई है.
क्या चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर होंगे बुमराह?
जसप्रीत बुमराह लंबे समय से पीठ की चोट से जूझते रहे हैं. इस बार भी वह पीठ की चोट के चलते मैदान से बाहर हुए हैं. वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत में अब ज्यादा दिनों का समय नहीं बचा है. ऐसे में बुमराह की चोट पर कोई अपडेट ना आना टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा सकता है. बुमराह के बिना भारतीय गेंदबाजी अटैक काफी कमजोर पढ़ सकता है. दूसरी ओर शमी भी हाल ही में चोट से ठीक होकर टीम इंडिया में लौटे हैं. वह भी पूरी तरह से अपने रिदम में नजर नहीं आए हैं.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: