नाली, नालों के अतिक्रमण तत्काल हटवायें और बार-बार
अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करें
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ मे ऑनलाइन
माध्यम से रोजगार मेला 12 मई 2022 को
लखनऊ: 08 मई, 2022
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ में रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 12 मई 2022 को घर बैठे टेलीफोन के माध्यम से ऑनलाइन इन्टरव्यू के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। गुजरात की मदर्सन सुमी सिस्टम लिमिटेड, टेन्टेटिव वेजेजस ब्रेकअप डिटेल्स तथा स्पार्क मिंडा कम्पनियों द्वारा अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा।
ट्रेनिंग काउन्सलिंग एण्ड प्लेसमेन्ट ऑफिसर एम. ए. खाँ ने बताया कि आवेदन कर्ताओं की आयु 18 वर्ष से कम तथा 32 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता मे हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एंड कौशल विकास सर्टिफिकेट होना चाहिए। विस्तृत जानकारी हेतु प्लेसमेन्ट अनुभाग, लखनऊ के दूरभाष 0522-7118462 पर सुबह 09:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल सहकुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं को किया सम्मानित, आईईटी के उत्तरी गेट का किया उद्घाटन
बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल
लखनऊ: 08 मई, 2022
अब महिलाओं की सोच में परिवर्तन आया है। कम पढ़ी लिखी महिलाएं भी मजदूरी करके अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का प्रयास कर रही हैं। जिससे कि उनके बच्चे भी अच्छा जीवन यापन कर सकें। भारत अब रूढ़िवादी सोच से बाहर निकल रहा है, इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका महिलाएं निभा रही हैं। उक्त बातें रविवार को माननीय राज्यपाल सहकुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहीं। वह डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओर से आईईटी में आयोजित आविर्भाव दिवस 22 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर और मातृ दिवस के मौके पर बोल रहीं थीं। इस मौके पर उन्होंने मातृ शक्ति का सम्मान किया। परमार्थ संस्था के पांच बच्चों और उन्हें पढ़ाने वाली पांच आईईटी की छात्रा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुओं, निर्माण कार्य में लगी महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। वहीं प्रसूता महिलाओं के शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उन्होंने आईईटी के नवनिर्मित उत्तरी गेट का भी अनावरण किया।
महिलाओं को दिया टिप्स
अपने उद्बोधन के दौरान माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल महिलाओं के लिए अभिभावक की भूमिका में रहीं। उन्होंने बच्चों के सही पालन-पोषण के बारे में बताया। कहा कि बच्चों में बचपन से ही आत्मनिर्भर बनने की आदत डालनी चाहिए। माताओं को उन्हें ऐसा संस्कार देना चाहिए जिससे कि वो आगे चलकर किसी पर निर्भर न रहें। घर का वातावरण ऐसा बनाये जिससे कि बच्चों पर कोई बुरा प्रभाव न पड़े। क्योंकि ये बच्चे ही हमारे देश के भविष्य हैं। मां बनने का सौभाग्य हर महिला के लिए सुखद होता है। माताओं का सम्मान करना होगा। कहा कि अन्न प्राशन कराने की रस्म का लक्ष्य है कि छह माह के बच्चे को कौन-कौन सा पौष्टिक भोजन दिया जाये जिससे कि उनका विकास अच्छे ढंग से हो। गोद भराई भी इसी तरह की प्रथा है जिससे कि गर्भवती महिलाओं को ये बताया जाता है कि उनके लिए सही खान-पान क्या है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ घर में भेदभाव नहीं करना चाहिए। चाहे वो घर का काम करें या फिर बाहर नौकरी करने जाएं उनका सम्मान हमेशा होना करना चाहिए। सेवा भाव नहीं बल्कि महिला और पुरष को एक दूसरे का सहयोगी बनना चाहिए। उन्होंने आईईटी की छात्राओं की तारीफ की। कहा कि अपनी पढ़ाई में से समय निकाल कर इन गरीब बच्चों को पढ़ाना वाकई बहुत काबीलेतारीफ है।
जिम्मेदारी का दिलाया एहसास
माननीय राज्यपाल ने कहा कि अभी भी 15 से 17 फीसदी बच्चों का जन्म अस्पताल में न होकर घरों में होता है। कहा कि हमें अपने-अपने गांव या आस-पास की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में डिलेवरी के लिए जागरूक करना चाहिए। साथ ही कुपोषित बच्चों और टीबी के मरीज बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जागरूक कर अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहिए। कहा कि घर में पड़ने वाले जन्म दिवस को होटल में मनाने की बजाय यदि हम आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर बच्चों को खाना खिलाएं तो यह ज्यादा संतुष्टि देने वाला होगा।
विश्वविद्यालयों में होंगे परंपरागत खेल
इस मौके पर माननीय राज्यपाल ने कहा कि हम अपने पारंपरिक खेलों से दूर हो गये हैं। जबकि ये खेल हमें एक दूसरे से जुड़ने का मौका देते थे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के विश्वविद्यालयों में पारंपरिक खेल जैसे, कबड्डी, खो-खो, लट्टू, गिल्ली डंडा का, लंगड़ी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें छात्र से लेकर अध्यापकों तक की भागीदारी होगी। कहा कि हर विश्वविद्यालय परिसर में बरगद का पेड़ लगाना चाहिए। बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल जी ने एकेटीयू के 22 वर्षीय यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस 22 साल में विश्वविद्यालय ने बहुत से उतार-चढ़ाव को देखते हुए तकनीकी शिक्षा के विकास में योगदान दे रहा है। कहा कि विश्वविद्यालय न केवल तकनीकी शिक्षा बल्कि उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ाने में भी अपनी भूमिका निभा रहा है। कहा कि हिन्दी में बीटेक की पढ़ाई करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। कहा कि इस विश्वविद्यालय से जुड़े जितने कालेज हैं उन्होंने अपने यहां अपने स्रोतों से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति की न्यूनतम एक छात्रा को पढ़ाने की पहल की है।
अतिथियों का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र ने माननीय राज्यपाल सहकुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल का आभार जताया। कहा कि 22 वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में प्राविधिक शिक्षा के विकास को नया आयाम देने के लिए इस विश्वविद्यालय शुरूआत की थी। अपने स्थापना के उदेश््यों को पूरा करता हुआ यह संस्थान ं सिर्फ तकनीकी शिक्षा ही नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार का भी भागीदार बन रहा है। कहा कि शिक्षा का तात्पर्य तभी पूरा होता है जब हम समाज के लिए कुछ कर सकें। इस दिशा में विश्वविद्यालय अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास कर रहा है। कहा कि आज मातृ दिवस के शुभ अवसर पर हमें सभी माताओं के सम्मान का संकल्प लेना चाहिए।
धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी श्री अभिषेक प्रकाश ने दिया। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस और विश्वविद्यालय के आविर्भाव दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम निश्चित ही हमें प्रेरणा देगा। उन्होंने माननीय राज्यपाल का आभार जताया। इसके पहले कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। विश्वविद्यालय के छात्रों ने कुलगीत गाया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के 22 वर्षों के इतिहास को समेटे एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी। उत्तरी द्वार का किया अनावरण इसके पहले माननीय राज्यपाल सहकुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल से आईईटी के नवनिर्मित उत्तरी द्वार का उद्घाटन किया।
आईईटी के विद्यार्थियों की ओर से परमार्थ संस्था बनाकर झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को निशुल्क पढ़ाया जाता है। इस मौके पर माननीय राज्यपाल ने पांच बच्चों काजल, शांति, अभिलाषा, स्वाति लक्ष्मी और पांच आईईटी की छात्राओं आंचल, उन्नति, शिल्पी, रीना शालिनी को सम्मानित किया जो इन बच्चों को पढ़ाती हैं। साथ ही विश्वविद्यालय कर्मचारियों के गोद लिये अनाथ बच्चों राजमणि और शिवानी का सम्मान किया। वहीं, आईईटी तीन महिला कर्मियों का भी सम्मान किया। इसके अलावा दो महिला ग्राम प्रधान आकांक्षा और राधा शुक्ला, स्वयं सहायता समूह की दो महिलाओं कंचन व सविता, दो गैर सरकारी जच्चा-बच्चा संगठनों यूनीसेफ और वर्ल्ड विजन का सम्मान किया गया। जबकि विशिष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा बहुओं और एएनएम का अभिनंदन किया गया।
गोद भराई और अन्नप्राशन से खिल उठे चेहरे
कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल ने पांच गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार भेंटकर गोदभराई की। इनमें पूजा, सना, सुमन, रंजना और दीपमाला रहीं। माननीय राज्यपाल से गोदभारई कर महिलाओं के चेहरे खिल गये। वहीं पांच प्रसूता महिलाओं के शिशुओं को राज्यपाल ने खीर खिलाकर अन्न प्राशन कराया।
प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा श्री सुभाष शर्मा, कुलसचिव श्री नंदलाल सिंह, उपकुलचिव डॉ आरके सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो0 वंदना सहगल ने किया।
जनपद वाराणसी के अस्सी घाट पर कल मत्स्य विभाग द्वारा
किया जायेगा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ0 संजीव कुमार बालियान तथा प्रदेश के मत्स्य विकास कैबिनेट मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद सम्मिलित होंगे
लखनऊ: 08 मई, 2022
"आजादी के अमृत महोत्सव" के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में "अंतरराष्ट्रीय योग दिवस" को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा विभिन्न विभागों के सहयोग से मनाया जा रहा है। इसी श्रंखला में कल दिनांक 09 मई 2022 को वाराणसी के अस्सी घाट पर योग दिवस को प्रदेश के मत्स्य विभाग की सहभागिता से उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री,मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय भारत सरकार डा0 संजीव कुमार बालियान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के मत्स्य विकास कैबिनेट मंत्री डॉ0 संजय कुमार निषाद उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त संयुक्त सचिव,मत्स्य,भारत सरकार श्री सागर मेहरा, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश के निदेशक डॉ0सरोज कुमार भी प्रतिभाग करेगे।
इस शुभ अवसर पर सामान्य योग प्रोटोकाल मनाने के साथ ही अन्य विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । कार्यक्रम सांय 4:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें नौका दौड़ तथा गंगा नदी में मत्स्य अंगुलिका का संचयन (रिवर रैंचिंग) भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को मोटर साइकिल की चाबी वितरित की जाएगी एवं किसान क्रेडिट कार्ड तथा मछुआ दुर्घटना बीमा जैसी अन्य लाभकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाएगाl
मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करायें:- सुरेश खन्ना
गौशालाओं में साफ-सफाई एवं पानी की उचित व्यवस्था करायें:- संसदीय कार्य मंत्री
लखनऊ: 08 मई, 2022
मा0 वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री उ0प्र0 श्री सुरेश खन्ना जी ने जनपद हरदोई भ्रमण के दौरान आज प्रातः मा0 अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी जी के साथ मोहल्ला वैटगंज, रेलवेगंज, बाल्मीकी मोहल्ला, मंगलीपुरवा आदि की सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेलवेगंज में नालियों में पानी भरा होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देश दिये कि नाली एवं नालों की बरसात से पहले व्यापक स्तर पर सफाई करायें और नाली व नालों पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटवायें और बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करें।
इसके उपरान्त मा0 मंत्री जी ने जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी कक्ष एवं वार्डो का निरीक्षण किया और खराब सफाई व्यवस्था पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें और मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करायें तथा लापरवाही करने वाले चिकित्सक एवं कर्मचारियों पर कार्यवाही करें। निरीक्षण के दौरान मा0 मंत्री जी ने मरीजों से डाक्टरों की उपस्थित एवं दवा आदि के बारे में जानकारी ली।
इसके उपरान्त मा0 मंत्री जी ने ब्लाक टड़ियावां के ग्राम बहर स्थिति गौशाला का निरीक्षण किया तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि गौशालाओं में साफ-सफाई एवं पानी की उचित व्यवस्था करायें और गौवंशों को हरा चारा उपलब्ध करायें। इस अवसर पर मा0 मंत्री जी ने गौ पूजन किया तथा पीपल का वृक्ष भी लगाया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, नगर मजिस्ट्रेट डा0 सदानन्द गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जेएन पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार की लाभप्रद योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करायें
लखनऊ: 08 मई, 2022
जनपद हरदोई के नयागांव मुबारकपुर में मा0 वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने ग्राम सचिवालय में कम्प्यूटर कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा बीडीओ एवं ग्राम पंचायत को निर्देश दिये कि ग्रामीणों को ग्राम सचिवालय से ही जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, खसरा खतौनी आदि सुविधायें उपलब्ध करायें। ग्राम सचिवालय में भी मा0 मंत्री जी वृक्षारोपण किया।
इसके उपरान्त प्राथमिक विद्यालय नया गांव मुबारकपुर में आयोजित जन चौपाल की अध्यक्षता करते हुए मा0 मंत्री जी ने उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र में सबसे नीचे पायदान पर जीवन यापन करने वालों को सभी लाभकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होने कहा कि गांव की किसी भी समस्या के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर समस्याओं का समाधान करायें। उन्होने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सभी विकास कार्यो को गुणवत्ता परक पूर्ण करायें तथा विभिन्न सहकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करायें।
जन चौपाल में मा0 मंत्री आबकारी एवं मद्य निषेध श्री नितिन अग्रवाल, मा0 मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण श्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, नगर मजिस्टेªट डा0 सदानन्द गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चन्द्र, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों का सुन्दरीकरण एवं
पोषण वाटिका का निर्माण करायें
-श्री सुरेश खन्ना
लखनऊ: 08 मई, 2022
विकास भवन के स्वर्ण जंयती सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यो की समीक्षा बैठक मा0 वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में आहूत की गयी। बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मा0 मंत्री जी ने पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी को निर्देश दिये कि मा0 मुख्यमंत्री जी के दिशा निर्देशानुसार शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शान्ति व्यवस्थायें बनाये रखें और थाने पर आने वाले लोगों से अच्छा व्यवहार किया जाये तथा पीड़ित गरीबों की समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए दंबग, माफिया एवं अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही की जाये तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें।
समीक्षा बैठक में मा0 मंत्री जी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्र में सफाई न कराने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही करें और प्रत्येक गांवों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई करायें और जल भराव वाले स्थानों कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराये ताकि मच्छर जनित रोगों से ग्रामीण परेशान न हों। उन्होने कहा कि नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी सफाई कराने के साथ नाली-नालों की व्यापक स्तर पर सफाई कराये और नाली-नालों पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करायें तथा अवैध अतिक्रमण हटवायें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मा0 मंत्री जी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी ओपी तिवारी को निर्देश दिये कि जिला अस्पताल के साथ समस्त सीएचसी व पीएचसी पर डाक्टरों एवं कर्मचारियों की उपस्थित शतप्रतिशत सुनिश्चित करायें और दवाओं की उपलब्धता बनायें रखें।
बैठक में मा0 मंत्री जी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिये कि शहर की गलियों में पाइप लाइन डालने के बाद खोदी गयी सड़क को तत्काल ठीक करायें। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मा0 मंत्री जी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि बच्चों को समय पर ड्रेस, जूता, मोजा, बैग एवं पाठ्य पुस्तक उपलब्ध करायें और विद्यालयों में समय से अध्यापकों की उपस्थित सुनिश्चित करायें तथा बच्चों को निर्धारित मेमो के अनुसार गुणवत्ता युक्त मिड-डे मील उपलब्ध करायें तथा कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों का सुन्दरीकरण करायें और सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका का निर्माण करायें। निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए मा0 मंत्री जी ने पीडब्लूडी एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्यो को मानक के अनुसार गुणवत्ता परक समय से पूर्ण करायें। लाभार्थीपरक योजनाओं के सम्बन्ध में मा0 मंत्री जी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी लाभप्रद योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिलायें।
समीक्षा बैठक में मा0 आबकारी एवं मद्य निषेध श्री नितिन अग्रवाल, मा0 अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मा0 दानिश आजाद अंसारी, मा0 विधायक सवायजपुर माधवेन्द्र प्रताप सिंह, आयुक्त लखनऊ मण्डल रंजन कुमार, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ओपी तिवारी, अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी दीक्षा जैन, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्लूडी, जल निगम, शारदा नहर, नलकूप, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के मिनी ऑडिटोरियम में 40 घंटे
के मीडिएशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
लखनऊ: 08 मई, 2022
आज इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के मिनी ऑडिटोरियम में 40 घंटे के मीडिएशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उच्चतम न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
इस मौके पर उन्होंन मध्यस्थता के माध्यम से आपसी विवादों के निपटान के महत्त्व को बताया। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं को प्रशिक्षण के महत्त्व को बताते हुए उन्हें मध्यस्थता में और अधिक पारंगत बनने के लिए उत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का निपटारा कम खर्च पर तथा शीघ्रता से होता है।
इस अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री राजेश बिंदल ने भी मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के निपटारे की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति ए रहमान मसूदी समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
सम्पर्क सूत्र: उपेन्द्र कुमार
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
राजेश कुमार सिद्धार्थ अबतक मीडिया ग्रुप के संपादक-इन-चीफ हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का पत्रकारिता जगत में अनुभव प्राप्त है, और जो अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से अबतक मीडिया ग्रुप
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के वरिष्ठ सहायक श्री दीपक कुमार उपाध्याय तत्काल प्रभाव से निलम्बित
कार्यों में लापरवाही एवं शिथिलता बरतने पर हुई कार्यवाही
Leave a Comment: