प्रेम प्रसंग में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मोबाइल टावर पर चढ़कर मचाया हड़कंप


प्रेम प्रसंग में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मोबाइल टावर पर चढ़कर मचाया हड़कंप

प्रेमिका के काफी मान-मनौव्वल के बाद टावर से नीचे उतरा युवक, फिल्मी अंदाज में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा।

रवि प्रकाश द्विवेदी 
संग्रामपुर/अमेठी। थाना संग्रामपुर क्षेत्र की कनू ग्राम सभा स्थित बाग में लगे एयरटेल और जियो के संयुक्त मोबाइल टावर पर शनिवार सुबह एक युवक चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान कई घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

टावर पर चढ़े युवक की पहचान पहाड़ का पुरवा, मौजा पुन्नपुर निवासी अजीत कुमार (37) पुत्र शीतला प्रसाद के रूप में हुई। बताया गया कि वह पिछले तीन दिनों से घर से बाहर था। उसकी पत्नी रीता देवी ने बताया कि अजीत का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ा रहता है। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद भी होता था। शनिवार सुबह युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे।

युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक उससे फोन पर बातचीत कर समझाने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी प्रेमिका और उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रेमिका, पुलिस और ग्रामीणों की घंटों की समझाइश के बाद युवक किसी तरह टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस युवक और युवती को अपने साथ थाने ले गई। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।