रिजर्व पुलिस लाइन में फहराया गया पुलिस ध्वज, अधिकारी-कर्मचारियों को लगाए गए स्टीकर
बलरामपुर, संवाददाता अंकुर मिश्रा
रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस झण्डा दिवस धूमधाम व गरिमामय माहौल में मनाया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी और उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ध्वज का स्टीकर लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मिष्ठान वितरित कर खुशियां साझा की गईं।
एसपी ने कहा कि 23 नवंबर का दिन उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में अत्यंत गौरवशाली है। इसी तिथि को वर्ष 1952 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने यूपी पुलिस व पीएसी को अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक के रूप में पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह ध्वज अनुशासन, सम्मान और जनसेवा के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हर पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बदलते दौर में साइबर अपराध, महिला व बाल सुरक्षा और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क, संवेदनशील और तकनीकी रूप से दक्ष रहना होगा। आमजन से विनम्र व्यवहार कर शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में मौजूद पुलिसकर्मियों ने ध्वज की गरिमा बनाए रखने, संविधान व कानून के प्रति निष्ठावान रहने तथा जिले में शांति और सुरक्षा कायम रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, सीओ नगर अभिषेक सिंह, सीओ तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: