पुलिस कमिश्नरेट के पड़ोस में चोरों का दुस्साहस! सेक्टर-105 के पांच मकानों में चोरी से मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर RWA ने उठाए सवाल नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित


पुलिस कमिश्नरेट के पड़ोस में चोरों का दुस्साहस! सेक्टर-105 के पांच मकानों में चोरी से मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर RWA ने उठाए सवाल
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। जिस पुलिस कमिश्नरेट के जिम्मे पूरे शहर की सुरक्षा है, उसके बिल्कुल नजदीक स्थित सेक्टर-105 में चोरों ने पांच मकानों को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बी-3, बी-4, बी-16, डी-186 और डी-25 में हुई चोरी की घटनाओं से सेक्टरवासियों में चिंता और नाराजगी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को लेकर अब आरडब्ल्यूए ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई है।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय से सटे होने के कारण सेक्टर-105 को हमेशा सुरक्षित आवासीय क्षेत्र माना जाता रहा है, लेकिन हालिया चोरी की घटनाओं ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। आरडब्ल्यूए ने सभी घटनाओं का जल्द खुलासा करने के साथ दिन और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
सेक्टर की सड़कों पर ड्राइविंग सीखने वालों से हादसों का खतरा
ज्ञापन में वरिष्ठ अधिवक्ता रश्मि सिंह ने सेक्टर की सड़कों पर बाहरी लोगों द्वारा अपने बच्चों और नौसिखिए चालकों को वाहन चलाना सिखाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि कई बार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आरडब्ल्यूए ने इस गतिविधि पर नियंत्रण के लिए पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की।
पार्कों में शराबखोरी और गंदगी से बिगड़ रहा माहौल
सेक्टर के पार्कों में गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की शिकायतें भी ज्ञापन में शामिल रहीं। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कुछ श्रमिकों द्वारा शाम के समय पार्कों में गंदगी फैलाने और शराब पीने की शिकायतें मिल रही हैं। वहीं, सूर्यास्त के बाद कुछ बाहरी युवक अपनी गाड़ियों में बैठकर सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करते हैं। इससे सेक्टर का पारिवारिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
खासतौर पर शाम को टहलने निकलने वाली महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर निवासियों ने चिंता जताई। आरडब्ल्यूए ने ऐसे स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अपर पुलिस आयुक्त ने दिया सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा
अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने सेक्टरवासियों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के माध्यम से पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा जताई कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा हो और सेक्टर में नियमित पुलिस गश्त दिखाई दे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी नजर आना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय, वरिष्ठ अधिवक्ता रश्मि सिंह और डी-25 निवासी दिनेश शर्मा शामिल रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।