कायमगंज: विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत घसिया चिलौली में जल निकासी की समस्या से त्रस्त ग्रामीण, घरों में घुस रहा तालाब का गंदा पानी
अब तक न्याय/रोहित गंगवार
कायमगंज नगर सीमा से सटी विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत घसिया चिलौली में जल निकासी की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरे गांव की गलियों में गंदा पानी बह रहा है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गांव के बीच स्थित तालाब ओवरफ्लो होकर लबालब भरा हुआ है, जिससे स्थिति और अधिक विकट हो गई है।
तालाब और चोक पड़ी नालियों का गंदा पानी सीधे वाल्मीकि बस्ती के घरों के आसपास जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार जलभराव रहने के कारण उनके मकानों की नींव कमजोर हो रही है, जिससे हादसों का खतरा मंडरा रहा है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जलभराव और कमजोर नींव के चलते पहले ही गजेंद्र गंगवार का मकान ढह चुका है, जिसके मलबे और आसपास अब भी नाली व तालाब का गंदा पानी भरा हुआ है।
वाल्मीकि बस्ती के निवासी विमल, लालू, रामकिशन, चंद्रशेखर, रोशन लाल, सुभाष, रामचंद्र, दिनेश, गौरव, नेहाल, योगेश और संतोष ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि हाल ही में बनी सड़क के कारण उनके मकान सड़क तल से काफी नीचे चले गए हैं। पिछले दिनों हुई तेज बारिश के दौरान तालाब का ओवरफ्लो पानी सीधा उनके घरों के अंदर तक घुस गया था। जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण कई घरों का गंदा पानी वापस सड़क और तालाब की ओर फैल रहा है।
मकानों के नीचे होने के कारण बस्ती की महिलाओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उनके घरों के सेप्टिक टैंक बंद हो चुके हैं और नीचे की मंजिल पर पानी का उपयोग करना लगभग असंभव हो गया है। स्थिति इतनी दयनीय है कि महिलाओं को नहाने, कपड़े धोने और रोजमर्रा के अन्य घरेलू कार्यों के लिए अपनी छतों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस भीषण जलभराव और गंदगी के बीच ग्रामीणों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
इस पूरे मामले पर ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि शिवम यादव का कहना है कि सड़क और नालियों के निर्माण के बाद ढलान सही नहीं होने के कारण पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई है। उन्होंने सफाई तो कई बार कराई है, लेकिन ढलान ठीक न होने के कारण पानी सड़कों पर फैल जाता है। उनके अनुसार, भविष्य में सड़क के और ऊंचे होने पर ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गांव का तालाब मत्स्य पालन के लिए पट्टे पर दिया गया है, जिस कारण उसका सुंदरीकरण नहीं कराया जा सकता है।
दूसरी ओर, ग्रामीण इस समाधान से बिल्कुल इत्तेफाक नहीं रखते हैं। ग्रामीणों का तर्क है कि यदि सड़क को और ऊंचा उठाया गया, तो उनके मकान सड़क से और भी अधिक नीचे चले जाएंगे। इससे घरों के गंदे पानी का निकास पूरी तरह ठप हो जाएगा और सेप्टिक टैंक ओवरफ्लो होने की समस्या विकराल रूप ले लेगी। जल निकासी की इस तकनीकी उलझन और प्रशासनिक उदासीनता के बीच ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और फिलहाल उन्हें इस समस्या से किसी भी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: