फर्रुखाबाद में बिजली संकट: ट्रांसफार्मर फुंकने से गुस्साए ग्रामीणों ने कायमगंज-जसमई हाईवे पर किया चक्काजाम
फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला गुलाल गांव में पिछले चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली विभाग की लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जयपुरिया स्कूल के नजदीक कायमगंज-जसमई मार्ग पर धरना देकर आवागमन बाधित कर दिया।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन की अगुवाई नगर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के युवा नगर अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने की, जिसमें दो दर्जन से अधिक ग्रामीण धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ट्रांसफार्मर खराब होने की कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।
बिजली न मिलने के कारण ग्रामीणों को भीषण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पीने के पानी का संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और दैनिकचर्या के सभी जरूरी काम ठप पड़ गए हैं।
धरना दे रहे ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि जसमई क्षेत्र के जेई (कनिष्ठ अभियंता) तत्काल मौके पर आएं और नया ट्रांसफार्मर रखवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। हाईवे पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।