भैया दूज पर दीपदान कार्यक्रम में उमड़ा समाज, चित्रगुप्त भगवान के महत्व और सांस्कृतिक विरासत पर हुई चर्चा; सतीश श्रीवास्तव हत्याकांड में न्याय की उठी मांग
आमोद कुमार
बांदा।दीपक की लौ केवल अंधकार दूर करने का माध्यम नहीं, बल्कि एकता, सद्भाव और सकारात्मक विचारों का प्रतीक भी है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में भैया दूज के अवसर पर संघ कार्यालय के समीप वृहद दीपदान एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में दीपों की रोशनी से परिसर जगमगा उठा और समाज में एकता, बंधुत्व तथा आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पं. बृजेश त्रिपाठी और नवीन निगम ने गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ किया। इसके बाद दीपदान हुआ। वक्ताओं ने भगवान चित्रगुप्त के महत्व तथा कलम-दवात की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पंकज बागवान ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक अथवा सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और समाज में आपसी विश्वास तथा बंधुत्व की भावना मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता तभी सार्थक होगी, जब सांस्कृतिक मूल्यों को व्यवहार में भी स्थान मिले।
अरुण निगम ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को एकजुट करने और आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक हितों के लिए आगे आने का समय है। उन्होंने सतीश श्रीवास्तव हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री से अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आजीवन सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन विशाल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने सामाजिक समरसता के महत्व को रेखांकित करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज को जोड़ने वाली पहल बताया। दुर्गा चरण श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बंधुत्व की भावना को केवल विचारों और भाषणों तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन में उतारना ही सामाजिक समरसता का सच्चा अर्थ है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति अपने विचार साझा किए। इसके बाद सामूहिक स्वाभोज का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने साथ बैठकर आपसी सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारी विजय निगम, अमितेंद्र निगम, नरेंद्र सक्सेना, प्रवीण निगम, मनोज निगम, नीरज निगम, रोहन सिन्हा, प्रदीप निगम, उत्तम सक्सेना, संतोष श्रीवास्तव, शिवशंकर निगम, आलोक नाना, मयंक श्रीवास्तव, देवेंद्र स्वरूप, श्याम जी निगम, अरुण श्रीवास्तव, रंजना श्रीवास्तव, नीलम श्रीवास्तव, सारिका वर्मा सहित सैकड़ों महिलाएं एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।दीपदान का यह आयोजन एक संदेश छोड़ गया कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी संख्या में नहीं, बल्कि आपसी एकजुटता, संवेदना और संकट के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की क्षमता में निहित है। दीपों की रोशनी तभी सार्थक है, जब उसका उजाला सामाजिक जीवन में भी समानता, सद्भाव और न्याय के रूप में दिखाई दे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: