अंदर से बंद दफ्तर में मिला कृषि विभाग के कर्मचारी का शव, तीन दिन बाद बदबू फैलने पर खुला राज
फर्रुखाबाद के लकूला स्थित कृषि विभाग के कार्यालय में गुरुवार सुबह 42 वर्षीय चपरासी होशियार सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दिवाली की छुट्टियों के बाद जब कर्मचारी दफ्तर पहुंचे, तो अंदर से आ रही तेज दुर्गंध और बंद ताले ने इस घटना का खुलासा किया। आशंका जताई जा रही है कि शव दो से तीन दिन पुराना है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के राजा नगला गांव निवासी होशियार सिंह कृषि विभाग में तैनात थे और रात में दफ्तर की रखवाली करते थे। दिवाली के अवकाश के दौरान भी उनकी रात्रि ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार सुबह जब सफाई कर्मचारी दफ्तर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे का ताला अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला और अंदर से बदबू आने लगी, तो उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा, अन्य विभागीय अधिकारी और सीओ सिटी अभय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में मुख्य गेट का ताला तोड़ा गया। अंदर जाने पर पता चला कि कार्यालय के भीतरी चैनल गेट में भी अंदर से ताला लगा हुआ था, जिसके पीछे चारपाई पर होशियार सिंह का शव पड़ा था।
उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने बताया कि होशियार सिंह को मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। उनसे पहले उनके पिता फेरू सिंह और फिर उनके भाई जोगेंद्र सिंह इस पद पर कार्यरत थे, जिनके निधन के बाद होशियार सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: