राजेपुर सीएचसी में बड़ी लापरवाही: ऑपरेटर के लेटलतीफी और ओटीपी के नियम से मरीजों को झेलनी पड़ी दुश्वारियां
खबर:
राजेपुर (फर्रुखाबाद) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब कंप्यूटर ऑपरेटर के समय पर न पहुंचने के कारण ऑनलाइन पर्चे बनने में भारी देरी हुई। सुबह के वक्त इलाज कराने पहुंचे मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए करीब एक घंटे तक लाइनों में खड़े होकर लंबा इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मोबाइल फोन और ओटीपी की बाध्यता के कारण कई गरीब व ग्रामीण मरीज पर्चा तक नहीं बनवा सके, जिससे उन्हें बिना दवा के ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
वर्तमान में मौसम बदलने के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 10 बजे से ही सीएचसी परिसर में मरीजों की भीड़ उमड़ने लगी। खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित तमाम मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, जिनमें महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या भी अच्छी खासी थी। ऑपरेटर के न होने के कारण सभी लोग कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने को विवश दिखे। करीब एक घंटे के लंबे इंतजार के बाद जब ऑपरेटर पहुंचा, तब जाकर ऑनलाइन पर्चे बनने का काम शुरू हो सका। इस बीच, जिन मरीजों के पास मोबाइल फोन नहीं थे या ओटीपी की सुविधा नहीं थी, वे चाहकर भी पर्चा नहीं बनवा पाए और उन्हें डॉक्टर की सलाह व दवा के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
असुविधाओं से जूझते हुए दूर-दराज से आए मरीजों ने अपना दर्द बयां किया। रामदास, कविता, सर्वेश, मीरा और विनीता ने बताया कि वे करीब 10 किलोमीटर का सफर तय करके अस्पताल दवा लेने पहुंचे थे, लेकिन मोबाइल न होने के कारण उनका पर्चा नहीं बन पाया। वहीं, राजरानी, मीणा, जगपाल और सुमित ने रोष जताते हुए कहा कि वे एक घंटे से अधिक समय से लंबी कतार में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई।
इस पूरे मामले के संबंध में जब सीएचसी प्रभारी मानसिंह से बात की गई, तो उनका कहना था कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।