ऊंचाहार में अवैध पटाखों का काला कारोबार बेनकाब, मकान के तहखाने में मिला विस्फोटक सामग्री का जखीरा
अब तक न्याय/मो०उवैश मंसूरी
दीपावली से पहले मौत का सामान जमा करने का आरोप, किराए के तहखाने में चल रहा था अवैध भंडारण; पुलिस की छापेमारी से कारोबारियों में मचा हड़कंप
ऊंचाहार (रायबरेली)। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही ऊंचाहार कस्बे में अवैध पटाखों का कारोबार कथित तौर पर पैर पसारने लगा था। रिहायशी इलाके में बने एक मकान के तहखाने को अवैध पटाखों का गोदाम बना दिया गया। पुलिस की छापेमारी में यहां से भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। रिहायशी मकान के नीचे विस्फोटक सामग्री का इतना बड़ा भंडारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ऊंचाहार कस्बे के एक मकान के तहखाने में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छापेमारी की तो तहखाने में पटाखों का भारी भंडार मिला। बताया जा रहा है कि तहखाना किराए पर लेकर इस अवैध भंडारण को अंजाम दिया जा रहा था। आशंका है कि दीपावली के बाजार में खपाने के उद्देश्य से यह खेप जमा की गई थी। सबसे गंभीर सवाल यह है कि यदि किसी कारणवश तहखाने में आग लग जाती या पटाखों में विस्फोट हो जाता तो आसपास रहने वाले लोगों की जान पर बन सकती थी। घनी आबादी के बीच इस तरह का भंडारण स्थानीय लोगों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ माना जा रहा है। ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि बिना वैध अनुमति इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे किस आधार पर जमा किए गए थे। मामले में उपनिरीक्षक मनीष कुमार जायसवाल की तहरीर पर बस स्टैंड निवासी विजय गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और कस्बे में इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई केवल एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तक सीमित रहती है या फिर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाता है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: