श्रीनेट ग्लोबल स्कूल कन्हौली में किया था प्रतियोगिता का अभ्यास
अब तक न्याय/रूद्रपुर तहसील प्रभारी शेख़ अंसार
रुद्रपुर (देवरिया)। स्विट्जरलैंड के लॉज़ेन में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित वर्ल्ड इंडोर सीरीज-स्विस ओपन में भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। संजीव सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट ट्रस्ट (SSAIT) के SBI फाउंडेशन ACE कार्यक्रम से जुड़े खिलाड़ियों ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में सचिन चेची ने रिकर्व पुरुष अंडर-21 वर्ग में रजत और आदित्य वाधवा ने कांस्य पदक जीता। वहीं, कंपाउंड महिला वर्ग में प्रिया गुर्जर ने रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उन्होंने विश्व की नंबर दो मैक्सिको की एंड्रिया माया बेसेरा को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 146-147 के करीबी अंतर से मुकाबला हार गईं। इसके अलावा M3M लक्ष्य कार्यक्रम के वेंकटाद्रि और मुस्कान किरार ने अपने-अपने वर्ग में शीर्ष आठ में जगह बनाई।
खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी देवरिया के ग्राम कनहौली स्थित श्रीनेट ग्लोबल स्कूल परिसर के इंडोर आर्चरी रेंज में की थी। SSAIT की ओर से विकसित इस केंद्र में आधुनिक सुविधाओं और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है। SSAIT के संस्थापक एवं अध्यक्ष, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित संजीव सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उचित संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। संस्थान ने खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए SBI फाउंडेशन और M3M फाउंडेशन का आभार जताया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: