अजित पवार गुट के 6 बढ़े नेताओं ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की. हालांकि, इस बैठक से सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार नदारद रहे. पार्टी में आंतरिक मतभेद के बीच यह बैठक कई मायनों में अहम है.


महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के छह वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इनमें धनंजय मुंडे, सुनील तटकरे, हसन मुश्रीफ, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और दिलीप वळसे पाटील शामिल हैं. अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के इन बड़े नेताओं की अचानक हुई मुलाकात ने महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

इसके अलावा, बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है. दरअसल, अजित पवार के निधन के बाद से ही पार्टी के भविष्य, नेतृत्व और सरकार में उसकी भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में अजित पवार गुट के छह वरिष्ठ नेताओं का एक साथ दिल्ली में अमित शाह से मिलना अहम माना जा रहा है.

वित्त मंत्रालय को लेकर भी उठ रहे सवाल

दरअसल, अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र का वित्त मंत्रालय यानी फाइनेंस मिनिस्ट्री मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास रखा है. बताया जा रहा है कि NCP के कुछ वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि वित्त मंत्रालय फिर से पार्टी को सौंपा जाए. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अमित शाह के साथ हुई इस मुलाकात में वित्त मंत्रालय वापस एनसीपी को देने का मुद्दा उठाया गया?

 

 

 

 

दूसरी ओर, इस मुलाकात को पार्टी के मौजूदा नेतृत्व के साथ चल रही खींचतान से जोड़कर भी देखा जा रहा है. क्या यह मुलाकात उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्टी नेता पार्थ पवार के लिए कोई राजनीतिक संदेश है? गौरतलब है कि तस्वीर में नजर आ रहे वरिष्ठ नेताओं और सुनेत्रा पवार एवं पार्थ पवार के बीच कथित मतभेदों की चर्चा भी होती रही है.

सुनेत्रा और पार्थ की गैरमौजूदगी पर चर्चा

इस मुलाकात के दौरान सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की गैरमौजूदगी ने भी सवाल खड़े किए हैं. आखिर पार्टी के छह वरिष्ठ नेता अमित शाह से मिले, लेकिन उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार इस बैठक में क्यों शामिल नहीं हुए?

गौरतलब है कि हाल ही में छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट गंवाने के बाद प्रफुल्ल पटेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्टी को आत्मचिंतन करने की जरूरत बताई थी. ऐसे में पार्टी के भीतर संगठनात्मक स्थिति, नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

शाम 4 बजे मुंबई में NCP कोर कमेटी की बैठक

इस पूरे घटनाक्रम के बीच आज शाम 4 बजे मुंबई में अजित पवार के आवास देवगिरी पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कोर कमेटी की बैठक होगी. बैठक में प्रफुल्ल पटेल समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

अब सवाल है कि क्या अमित शाह के साथ हुई मुलाकात में वित्त मंत्रालय वापस पाने की मांग उठी? क्या पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूदा नेतृत्व को कोई संदेश देना चाहते हैं? और क्या आज देवगिरी में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों पर कोई बड़ा फैसला होगा? फिलहाल, महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े इन सवालों के जवाब का इंतजार है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।