बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर सपा ने किया प्रदर्शन

चार बार निरस्त हो चुका है सड़क निर्माण का टेंडर, एक सप्ताह में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
अब तक न्याय/शेख़ अंसार अहमद
बरहज (देवरिया)। बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण और टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने के साथ ही बेलडांड़-कठनईया मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर शनिवार को सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बरहज-देवरिया मार्ग पर काली मंदिर के पास बैठक कर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क निर्माण में हो रही देरी और जर्जर मार्गों की समस्या को लेकर नाराजगी जताई गई।
                 सपा नेता विजय रावत ने कहा कि बरहज-सोनूघाट मार्ग पिछले दस वर्षों से जर्जर हालत में है। इसके निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों के साथ कई बार धरना-प्रदर्शन और पदयात्रा की गई। इसके बाद सरकार ने सड़क निर्माण के लिए धन स्वीकृत किया, लेकिन पिछले चार महीनों में चार बार टेंडर निरस्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे लगे हजारों पेड़ों की बिक्री के बावजूद अब तक निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बेलडांड़-कठनईया मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कमीशनखोरी के चलते बनी यह सड़क सालभर भी नहीं टिक सकी और जर्जर हो गई। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा। विजय रावत ने बताया कि इन मांगों को लेकर एक नवंबर को एसडीएम बरहज को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि बरहज का विकास समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में ही हुआ है और सपा सरकार बनने पर क्षेत्र की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान गुड्डू यादव, राजेश राजभर, श्रवण गौड़, अवरुद्ध यादव, समीर सिंह, अरविंद कुशवाहा, विजय पटेल और वीरेंद्र यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।