विसर्जन से पहले अलियापुर घाट का
डीएम-एसपी ने लिया जायजा,
गोताखोरों के साथ एंबुलेंस व मेडिकल टीम रहेगी तैनात
कन्नौज। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अलियापुर स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और प्रतिमा विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थल पर ही कराया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था में पानी से लेकर सड़क तक पर नजर
संभावित हादसों को देखते हुए विसर्जन स्थल पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एंबुलेंस और चिकित्सीय टीम को भी मौके पर उपलब्ध रखने को कहा गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने सतर्कता बरतने को कहा। विसर्जन मार्ग पर जाम और अनावश्यक भीड़ न लगे, इसके लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार समेत संबंधित अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: