- क्या गोरखपुर में भी फल-फूल रहा है हवाला का कारोबार?
- आखिर कौन है हवाला का मास्टरमाइंड, किसके इशारे पर हो रहा करोड़ों का लेन-देन?
- पुलिस की तफ्तीश में जल्द होगा बड़ा खुलासा
- गोरखपुर। दो दिनों के भीतर ट्रेन से 48 लाख 23 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद होने के बाद गोरखपुर में हवाला कारोबार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। दोनों मामलों में लाखों रुपये बैग में भरकर ट्रेन के जरिए ले जाए जा रहे थे। बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने से जांच एजेंसियों का शक और गहरा गया है।
पहले मामले में गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर जीआरपी और आरपीएफ की चेकिंग के दौरान पूर्वी चंपारण के आदापुर निवासी संजय कुमार गुप्ता के बैग से 18 लाख रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बैंक रोड पर सतीश उपाध्याय से रकम लेकर बिहार जाने की बात बताई। जांच में उसके रक्सौल क्षेत्र में दुकान होने की जानकारी भी सामने आई है।
इसके अगले ही दिन देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस में राजस्थान निवासी मुकेश शर्मा से 30 लाख 23 हजार 200 रुपये बरामद किए गए। लगातार दो दिनों में इतनी बड़ी नकदी पकड़े जाने से रकम के स्रोत और गंतव्य को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि अभी तक किसी भी मामले में हवाला कारोबार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के साथ आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियां रकम के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े लोगों की कड़ियां खंगाल रही हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इन दोनों मामलों के पीछे कोई एक नेटवर्क काम कर रहा है और अगर ऐसा है तो इसका मास्टरमाइंड कौन है?
जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम नाम सामने आने की उम्मीद है। पुलिस की तफ्तीश में जल्द ही इस मामले का बड़ा खुलासा हो सकता है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: