नवी मुंबई के ऐरोली में दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड गिरने से 34 साल के गोविंदा स्वप्निल नावर की मौत हो गई. घटना शनिवार रात को हुई. मुंबई में कुल 376 गोविंदा घायल हुए हैै.


हाराष्ट्र के नवी मुंबई के ऐरोली में दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड (मानव मनोरा) गिरने से 34 साल के एक गोविंदा की मौत हो गई. उनका नाम स्वप्निल सदानंद नावर बताया जा रहा है. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ये हादसा शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ. वहीं अब तक मुंबई में कुल 376 गोविंदाओं के घायल होने की बात सामने आई है.

जानकारी के मुताबिक ऐरोली में देवीदास सौगुले दही हांडी मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोविंदाओं का मानव पिरामिड अचानक गिर गया. इस हादसे में स्वप्निल सदानंद नावर नाम के एक गोविंदा की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक घणसोली गांव के रहने वाले थे.

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोविंदा पथक द्वारा दही हांडी फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाया जा रहा था. इसी दौरान अचानक असंतुलित होकर गिर गया, जिसमें स्वप्निल गंभीर रूप से घायल हो गए. वो घटनास्थल पर ही खून से लथपथ होकर बेहोश हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक हादसे के बाद घणसोली के कोलीवाड़ा परिसर में शोक की लहर फैल गई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

इधर घटना की जानकारी मिलते ही रबाले पुलिस थाने के अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे. रबाले पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है. इस घटना से लोगों में शोक की लहर छा गई. उत्सव के दौरान हुई इस घटना ने हर किसी को दुखी कर दिया.

अबतक मुंबई में 376 गोविंदा घायल

रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान अब तक 376 गोविंदा घायल हुए हैं, जिनमें 37 का इलाज जारी है. महानगर के विभिन्न सरकारी और बीएमसी अस्पतालों से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 376 गोविंदा घायल हुए हैं. इनमें से 53 अस्पताल में भर्ती हैं, 37 का इलाज जारी है, जबकि 286 गोविंदाओं को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है.

सेंट्रल मुंबई (CT) अस्पताल: 183 घायल, 29 भर्ती, 23 का इलाज जारी, 131 को छुट्टी.

ईस्टर्न सबर्ब्स (ES) अस्पताल: 62 घायल, 11 भर्ती, कोई मरीज उपचाराधीन नहीं, 51 को छुट्टी.

वेस्टर्न सबर्ब्स (WS) अस्पताल: 126 घायल, 9 भर्ती, 14 का इलाज जारी, 103 को छुट्टी.

सबसे ज्यादा घायल गोविंदा केईएम, नायर अस्पताल, सायन अस्पताल, राजावाड़ी अस्पताल, बीडीबीए अस्पताल, एचबीटी ट्रॉमा अस्पताल और वी. देसाई अस्पताल में पहुंचे हैं. केईएम अस्पताल: 76 घायल पहुंचे थे, जिनमें से 58 को छुट्टी दे दी दई वहीं 18 भर्ती हैं.वहीं नायर अस्पताल में 32 घायल पहुंचे, जिनमें 29 को छुट्टी मिल गई वहीं 3 का इलाज जारी है. इसी तरह अन्य अस्पतालों का भी हाल है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।