- रूपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा थाना क्षेत्र में गंगापुर नहर के पास बाइक और साइकिल के बीच भिड़न्त हो गई। जिसमें तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार प्रदीप कुमार सिंह और पप्पू निवासी सिसैया रूपईडीहा से नानपारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगापुर नहर के पास रामपुर निवासी कलूटे पांडे सड़क पार कर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच भिड़न्त हो गई। उप निरीक्षक अब्दुल कादिर खान ने बताया कि हादसे में तीनों को मामूली चोटें आई हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।
- घर में घुसकर महिला से मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बहराइच। कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरनी औसेरी में बच्चों के बीच कहासुनी को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115 (2), 352, 351 (3) और 333 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गांव निवासी नाजमीन पत्नी हारुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे बच्चों के बीच विवाद के बाद जुबेर पुत्र ताज मोहम्मद और तबस्सुम पत्नी जुबेर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़िता ने पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। - चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 01 में है।
जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश
थाना समाधान दिवस का जायजा लेने कोतवाली नानपारा पहुंचे डीएम व एसपी
बहराइच। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवसों में जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव व मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के साथ कोतवाली नानपारा पहुंचकर कर मौजूद फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस में जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि बेनामी ज़मीन, चकमार्ग की पटाई, पैमाईश कराने, आबादी की ज़मीन में निर्माण सम्बन्धी विवाद, रास्ते तथा भूमि से सम्बन्धित अन्य प्रकार के विवादों से सम्बन्धित प्रार्थना-पत्रों में राजस्व व पुलिस की टीम मौके पर जाकर तत्काल कार्यवाही करें। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त होने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए लोगों के बीच मौके पर जाकर उनके तथ्यों को सुनकर न्यायोचित कार्यवाही करें इससे सम्बन्धित लोग पूरी तरह से संतुष्ट होंगे। डीएम ने निर्देश दिया कि रास्ते के विवाद में 133 सीआरपीसी में दर्ज कर त्वरित निस्तारण किया जाय। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम, थानाध्यक्ष नानपारा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। - बाक्स
समाधान दिवस पर सात शिकायतों का हुआ निस्तारण
फखरपुर, बहराइच। थाना प्रभारी फखरपुर राम कुमार राजभर के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें 7 का समाधान मौके पर कर दिया गया तथा शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की टीमें गठित कर दी गईं। इस दौरान थानाध्यम राम कुमार राजभर, उप निरीक्षक लक्ष्मण पाण्डेय, दुर्गेश निगम, राजस्व निरीक्षक राम मनोहर यादव सहित कई हल्का लेखपाल व अन्य लोग मौजूद रहे। - बाक्स
थाना समाधान दिवस आयोजित
महसी, बहराइच। शासन द्वारा निर्धारित जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के तहत थाना हरदी के प्रांगण में थानाध्यक्ष आलोक सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। इस मौके पर पुलिस चौकी मुख्यालय तहसील महसी क्षेत्र के एक गांव से पति-पत्नी के मध्य विवाद संबंधी मात्र एक शिकायत प्राप्त हुई। जिसमें पति को थाने बुलवा कर समझा-बुझा कर सुलह-समझौता करवा दिया गया। इस मौके पर एस आई गुलाब सिंह, राधे श्याम चौधरी, प्रेम चंद गुप्ता, अर्जुन कुमार के अतिरिक्त गोवर्धन लाल अवस्थी, पंकज कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ नागरिक व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
किसान 30 अक्टूबर तक कर सकते हैं कृषि यंत्रों की बुकिंग
बहराइच। किसानों को दशहरा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उपहार कृषि यंत्रों को पानें का दूसरी बार सुनहरा अवसर है। उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन एवं इन सीटू योजना अंतर्गत अवशेष कृषि यंत्रों की बुकिंग का कार्य 20 अक्टूबर से बढ़ कर 30 अक्टूबर तक कर दिया गया है। जनपद के किसान दर्शन पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं। उप निदेशक कृषि ने सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे कृषि विभाग की दर्शन पोर्टल पर जाकर कृषि यंत्रों की बुकिंग कर लें। उन्होंने बताया कि लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने पर बुकिंग किए हुए किसानों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।- बालिकाओं व महिलाओं को किया गया जागरूक
फखरपुर, बहराइच। शनिवार कोएंटी रोमियो टीम मिशन शक्ति फेज 6.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना फखरपुर के प्रधानपुरवा में महिलाओं और बच्चियों को उच्चाधिकारी द्वारा दिए गये आदेशो निर्देशों के अनुपालन मे तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजना के बारे मे व सामाजिक कुप्रथाओं जैसे बाल विवाह ,घरेलू हिंसा के बारे में जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए। महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए महिलाओं पर हो रहे अपराध के प्रति उन्हें जागरूक किया गया। - चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 02 में है।
कतर्नियाघाट जंगल पर्यटकों के लिए 15 दिन पहले खुलेगा
1 नवम्बर से पर्यटकों के लिए खुलेगा गेट
वन विभाग ने शुरू की तैयारियां
कुंवर दिवाकर सिंह
बहराइच। पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य इस बार निर्धारित समय से 15 दिन पहले 1 नवंबर से खोल दिया जाएगा। पहले यह 15 नवंबर से खुलता था। वन विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग के अनुसार शुरूआती दिनों में जंगल सफारी का आनंद तो मिलेगा, लेकिन गेरुआ नदी में पानी कम होने से बोटिंग की सुविधा एक सप्ताह बाद शुरू हो सकेगी। घाघरा घाट बैराज पर सफाई कार्य चलने से नदी का अधिकांश हिस्सा सूखा है। 7 नवंबर के बाद पानी छोड़े जाने पर बोटिंग शुरू होगी। डीएफओ ने बताया कि सुरक्षा और स्वच्छता के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हथियार और प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, उल्लंघन पर स्पॉट फाइन लगाया जाएगा। - मतदाता सूची दुरुस्त करने को बूथों पर जुटे बीएलओ
सुबह 10 से सायं 5 बजे तक चला अभियान
रुपईडीहा, बहराइच। भारत नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत रुपईडीहा में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर मृतकों के नाम हटवाने तक, शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ काफी सक्रिय दिखे। सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक चले अभियान में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम-पते समेत अन्य विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया की गई। राम जानकी बूथ पर बीएलओ शैलेंद्र शर्मा, माधुरी गुप्ता, मोहम्मद फहद और प्रतिभा शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। वहीं नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज रुपईडीहा में फरीद अहमद और शबनम खातून मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में जुटे रहे। प्राथमिक विद्यालय रुपईडीहा बूथ पर मोइनुद्दीन और इजरायल ने कार्य किया, जबकि सीमांत डिग्री कॉलेज बूथ पर अनिल कौशल, अभिषेक समेत अन्य बीएलओ ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया की। - चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 03 में है।
स्मार्ट ग्राम भरतपुर का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य हुआ पूरा
डीएम ने स्मार्ट कालोनी का किया निरीक्षण
20 नवम्बर तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश
विस्थापित परिवारों को शीघ्र की मिलेगी सपनों के घर की सौगात
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में बसे जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए ग्राम सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट गांव भरतपुर का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व अन्य अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आवासीय योजना, विद्युत, सड़क, बाउण्ड्रीवाल के निर्माण कार्य की प्रगति अच्छी पायी गयी। जबकि कार्यदायी संस्था जिला पंचायत द्वारा निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य उप केन्द्र के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पाये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया मैनपावर व संसाधन में वृद्धि कर प्रगति में सुधार लाया जाय। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने निर्देश दिया कि जिन आवासों का कार्य पूर्ण हो गया है उनके रंग-रोगन का कार्य प्रारम्भ करा दिया जाय। डीएम ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में 31 अक्टूबर तक छत की ढलाई का कार्य पूर्ण करते हुए सभी कार्यों को 20 नवम्बर तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाय। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 04 में है।
कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे: डीएम
मतदान केन्द्र श्री शंकर इंटर कॉलेज नानपारा का डीएम ने किया निरीक्षण
द्वितीय विशेष अभियान में संचालित गतिविधियों का लिया जायज़ा
अधिक से अधिक अर्ह युवक-युवतियों के प्रपत्र-6 भरवाये जाने के दिये गये निर्देश
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई मतदाता न छूटे (नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाईन्ड) के उद्देश्य से संचालित द्वितीय विशेष कैंप दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व उप जिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह के साथ मतदान केन्द्र श्री शंकर इंटर कॉलेज नानपारा का निरीक्षण कर विशेष अभियान दिवस के अवसर पर संचालित गतिविधियों का जायज़ा लिया। डीएम ने मतदान केन्द्रों पर मौजूद बूथ लेबिल अधिकारियों व सुपरवाईज़र्स को मतदाता सूची में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों, महिलाओं तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने, त्रुटियों के सुधार तथा पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला निवार्चन अधिकारी ने श्री शंकर इण्टर कालेज में स्थापित सभी सात बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ रवि कुमार, छत्रपाल, महेश व अन्य से वार्ता करते हुए प्राप्त होने वाले फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। विशेष अभियान दिवस में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।- चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 05 में है।
डीएम व एसपी ने अग्निशमन केन्द्र का किया निरीक्षण
निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा, अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
दूरस्थ क्षेंत्र में अग्नि घटनाओं पर होने वाले नुकसान पर लगेगा अंकुश
बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव एवं मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के साथ कार्यदायी संस्था सी. एण्ड डी.एस. उत्रप्रत्र जल निगम (नगरीय) गोण्डा द्वारा रू. 781 लाख की लागत से निर्मित अग्निशमन केन्द्र मिहींपुरवा का निरीक्षण किया। डीएम श्री पाण्डेय ने मौजूद अधिकारियों के साथ निर्मित भवन निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक भवन, आवासीय व अनावासीय भवनों तथा विकसित की गई अन्य सुविधाओं का जायज़ा लेते हुए भवन के हस्तान्नतण की कार्यवाही को तत्काल पूर्ण कर जनोपयोग में लाये जाने के निर्देश दिये। डीएम ने कहा कि वन क्षेत्र से निकट स्थापित अग्निशमन केन्द्र से जनपद के दूरस्थ क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिकों को अग्नि से सुरक्षा मिल सकेगी। जिससे अग्निकाण्ड के कारण होने वाले जानी व माली नुकसान को न्यून से न्यूनतम किया जा सकेगा। डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा भी यही है कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ कर आगजनी की घटनाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई हो सके। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। निरीक्षण के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा, क्षेत्राधिकारी अग्निशमन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। - चित्र परिचयः-
फोटो 25 बीआरएच 06 में है।
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक
महर्षि वाल्मीकि जयंती के आयोजन की तैयारियों पर हुई चर्चा,
रामायण पाठ, भजन-कीर्तन के साथ संचालित होंगी भक्तिमय सांस्कृतिक गतिविधियों
बहराइच। जनपद में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की कार्ययोजना पर विचार विमर्श के उद्देश से जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन करते हुए जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्वत ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, आदर्शों, रामायण में निहित मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाये जाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के संस्कृति अनुभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जनपद के चयनित मंदिरों एवं महर्षि वाल्मीकि जी से संबंधित स्थलों पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। शासन के निर्देशों के अनुसार कार्यक्रमों में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन एवं अन्य भक्तिमय सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: