रिपोर्टर – विनोद कुमार |



सिधौली, सीतापुर
सिधौली क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में शनिवार को डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान, उनकी प्रतिमाओं की सुरक्षा, अंबेडकर पार्कों के संरक्षण तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 15 जून 2026 को मुख्यमंत्री आवास तक पदयात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान निर्माता के विचारों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। सभा का संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंसराज भारती ने किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त विचारधारा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में अंबेडकर प्रतिमाओं की सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन बहादुरपुर स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में आज तक न तो चारदीवारी का निर्माण कराया गया और न ही सुरक्षा के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमाएं करोड़ों लोगों की आस्था, सम्मान और सामाजिक चेतना का प्रतीक हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने आरोप लगाया कि बहादुरपुर स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। पार्क में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पार्क की चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने ग्राम तेजनापुरवा मजरा कठवा, लहूरेवन तथा अहेवा गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि संबंधित स्थानों पर भूमि उपलब्ध होने के बावजूद प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण यह कार्य लंबित है। उन्होंने शासन स्तर से तत्काल अनुमति प्रदान करने की मांग की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया है, लेकिन आज भी सामाजिक चेतना के प्रतीकों की सुरक्षा के लिए लोगों को आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से संघर्ष जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। महिला प्रतिभागियों ने कहा कि बाबा साहेब ने महिलाओं को शिक्षा, समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया था। उन्होंने सरकार से अंबेडकर पार्क बहादुरपुर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।
अपने संबोधन में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने स्पष्ट किया कि यदि संगठन की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 15 जून 2026 को प्रातः 10 बजे डॉ. अंबेडकर पार्क बहादुरपुर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास तक पदयात्रा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपजिलाधिकारी सिधौली के माध्यम से मुख्यमंत्री तथा समाज कल्याण मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में डॉ. अंबेडकर पार्क बहादुरपुर की बाउंड्री वॉल का निर्माण, सुरक्षा हेतु छावनी की स्थापना, ग्राम तेजनापुरवा मजरा कठवा, लहूरेवन एवं अहेवा में बाबा साहेब की प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति सहित विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
सभा में अभय प्रताप सिंह त्यागी, मीना भारती, श्रीपाल गौतम, कैलाश, मोरी लाल, राम अवतार भारती, गंगाराम, खूब लाल, राम प्रसाद, रामदेवी, बिट्टू देवी, जय देवी, नंदलाल, राम सुरेश चंद्र, गुरु प्रसाद, मनोहर, मनीष कुमार, बाबूलाल गौतम, सुकी, राजकुमार, सरोजनी देवी, फुल काली, तारा देवी, लीलावती, रेणु देवी, शैल कुमारी, गिरधारी लाल, त्रिवेणी प्रसाद, विनोद कुमार, बदलू राम, नंदलाल गौतम, बृज कुमार, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना के आदर्शों को मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि बाबा साहेब के सम्मान, संविधान की गरिमा और सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Tags:

Rajesh Kumar Siddharth

अब तक इंडिया लाइव न्यूज़ चैनल

राजेश कुमार सिद्धार्थ अबतक मीडिया ग्रुप के संपादक-इन-चीफ हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का पत्रकारिता जगत में अनुभव प्राप्त है, और जो अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से अबतक मीडिया ग्रुप

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।