मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी की. इस मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई हैं. पुलिस ने बताया कि इस घटना में टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई हैं. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वहीं टाइगर श्रॉफ की एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें उनके हाथ और सीने पर चोट नजर आ रही है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए गैंगस्टर अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही है. फिलहाल पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
पुलिस ने बताया कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई. उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. अधिकारी ने कहा, गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं. गोलीबारी में उनके चालक फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने बताया कि फिरदौस के बाएं हाथ में चोट लगी है.
टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अज्ञात हमलावर टाइगर की कार पर गोलीबारी करता दिखाई दे रहे हैं. अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने बताया कि सुराग जुटाने के लिए विशेष टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर रही हैं.
क्या बोले अभिनेता जैकी श्रॉफ?
टाइगर के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने पुष्टि की कि उनका बेटा सुरक्षित है और पुलिस थाने में अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रहा है. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, मामले की हर पहलू से जांच करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस कर्मियों सहित कुल 15 टीम गठित की गई हैं.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर से की बात
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के बाद मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और टाइगर श्रॉफ से बात की. फडणवीस ने देवेन भारती से घटना की जानकारी मांगी और उनसे कहा कि वे हमलावरों को जल्द पकड़ें, जांच में तेजी लाएं और इसके लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात की और उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा और श्रॉफ से कहा कि वे चिंता न करें.
गृह विभाग संभाल रहे सीएम फडणवीस ने टाइगर से कहा, हम सब आपके साथ हैं. हम जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकालेंगे. आप चिंता न करें. एक फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोलियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए, वाहन की जांच की और यह पता लगाने की कोशिश की कि कुल कितनी गोलियां चलाई गईं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी कुल संख्या का पता लगाया जा सके. अधिकारी ने कहा, जुहू पुलिस ने घटनाक्रम का पता लगाने, गोलीबारी से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि करने और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है.
टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे एकनाथ शिंदे
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर रात उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. शिंदे ने टाइगर श्रॉफ का हाल जाना और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. मुलाकात के बाद शिंदे ने कहा कि टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. राहत की बात है कि वह सुरक्षित हैं. घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है.
जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर
एकनाथ शिंदे ने कहा कि युवा अभिनेता पर इस तरह का जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर है. उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस आयुक्त ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. डिप्टी सीएम ने भरोसा जताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और अभिनेताओं की सुरक्षा की समीक्षा करने के निर्देश मुंबई पुलिस आयुक्त को दिए गए हैं.
टाइगर श्रॉफ का करियर
दो मार्च 1990 को जय हेमंत श्रॉफ के रूप में जन्मे टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड के प्रमुख एक्शन अभिनेताओं और मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों में शामिल हैं. टाइगर श्रॉफ ने 2014 में फिल्म हीरोपंती से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने बागी, बागी 2 और वॉर जैसी फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत की. फिल्मों से इतर वह खेल जगत में भी एक प्रमुख हस्ती हैं. उन्होंने 2019 में मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) की सह-स्थापना की थी, जो अब भारत का सबसे बड़ा मिश्रित मार्शल आर्ट (एमएमए) आयोजन ब्रांड बन गया है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: