मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला होने के बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने उनसे मुलाकात की. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे.


मायानगरी मुंबई में रविवार शाम बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ के ऊपर हमला हुआ. बाइक पर सवार होकर आए हमलवरों ने टाइगर की गाड़ी पर फायरिंग की. इस हमले में उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक को गोली लगी है. इस हमले का निशाना टाइगर ही थे. मुंबई पुलिस ने इस हमले के बाद उनके सुरक्षित होने की जानकारी दी है. हालांकि, हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उनके शरीर पर चोट के निशान और बाएं हाथ में कच्चा प्लास्टर देखा जा सकता है.

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खुद को और ड्राइवर को बचाने के दौरान उनको ये चोटें लगी हैं. उन्हें गोली नहीं लगी है. इस तस्वीर में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर के साथ नजर आ रहे हैं. उपमुख्यमंत्री टाइगर के बांद्रा के कार्टर रोड के घर जाकर उनसे और उनके पूरे परिवार से मिले. एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे

डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर रात बांद्रा स्थित उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ की तबीयत का हाल जाना और उनके परिवार को ढांढस बंधाते हुए सुरक्षा का भरोसा दिलाया.मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. राहत की बात है कि वह इस हमले में सुरक्षित बच गए. घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत और चिंता में है. उन्होंने खुद टाइगर से मुलाकात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली.

एकनाथ शिंदे ने कहा कि किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं होने के बावजूद एक युवा अभिनेता पर इस तरह का जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर है. इस घटना से श्रॉफ परिवार, खासकर उनकी मां आयशा श्रॉफ, भारी मानसिक तनाव में हैं.

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस आयुक्त ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. उन्होंने भरोसा जताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और अभिनेताओं की सुरक्षा की समीक्षा करने के निर्देश मुंबई पुलिस आयुक्त को दिए गए हैं.

 

 

मुंबई में किसी भी गैंग की दहशत बर्दाश्त नहीं होगी

बिश्नोई गैंग या अन्य गैंगों की ओर से सेलिब्रिटीज को धमकियां दिए जाने के सवाल पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र में किसी भी गैंग की दहशत या सेलिब्रिटीज को धमकाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जो भी ऐसा करने की कोशिश करेगा, पुलिस उसे उसी की भाषा में जवाब देगी. उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर गैंगवार को खत्म किया था. अब यदि कोई फिर से दबंगई करके दहशत फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा.

कलाकारों को डरने की जरूरत नहीं, सरकार उनके साथ

एकनाथ शिंदे ने कहा कि आम नागरिकों और सेलिब्रिटीज की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसी घटनाओं के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को डरने की जरूरत नहीं है.उन्होंने अपील की कि यदि किसी कलाकार को किसी गैंग की ओर से धमकी भरे फोन या संदेश मिलते हैं, तो वह तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क करे. शिंदे ने स्पष्ट किया कि सरकार पूरी मजबूती के साथ फिल्म इंडस्ट्री और कलाकारों के साथ खड़ी है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।