मिर्जापुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर श्री सोमेन बर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा के उपायों, और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में सतर्क एवं आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1098 आदि की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।
कोतवाली देहात पुलिस ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजार क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में जाकर नुक्कड़ सभाओं एवं संवाद सत्रों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया। इस दौरान बेटियों को आत्मरक्षा के टिप्स दिए गए और साइबर अपराध से बचाव हेतु सावधानियां बताई गईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को मानसिक, सामाजिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने की एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने अपील की कि यदि कोई महिला किसी भी प्रकार की समस्या का सामना कर रही है तो वह बेहिचक पुलिस से संपर्क करे। पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तैयार है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से मिर्जापुर पुलिस यह संदेश देना चाहती है कि महिलाएं न केवल संरक्षित रहें, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और आत्मबल भी मिले।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: