यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन में करेगी बड़े बदलाव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद फैसला


लोक सभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को चुस्त-दुरुस्त करेगी। नगरीय निकाय चुनाव टलने के कारण भाजपा को इस बदलाव के लिए समय मिल गया है। नई दिल्ली में सोमवार से शुरू हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद संगठन में बहुप्रतीक्षित बदलाव की कवायद शुरू होगी।

लोकसभा चुनाव के लिए संगठन के कील-कांटे दुरुस्त करेगी भाजपा

यह शुरुआत भाजपा की प्रदेश टीम से होगी। बीते दिनों राजधानी के प्रवास पर आये भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह संगठन में बदलाव के बारे में चर्चा कर चुके हैं। भाजपा के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत में फिलहाल तीन प्रदेश पदाधिकारी फिट नहीं बैठते हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा व दयाशंकर सिंह और प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर शामिल हैं।

प्रदेश टीम से शुरू होगा संगठन में बदलाव

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अरविंद कुमार शर्मा ऊर्जा व नगर विकास मंत्री, जेपीएस राठौर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और दयाशंकर सिंह परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाये गए हैं। स्वाभाविक तौर पर इन तीनों मंत्रियों की संगठन से विदाई तय है। इनके अलावा लंबे समय से प्रदेश टीम का हिस्सा रहे कुछ और पदाधिकारी भी बदले जाएंगे। भाजपा में यह परंपरा रही है कि संगठन में 40 प्रतिशत चेहरे नए हों। पुराने चेहरों को हटाकर उनकी जगह नए लोगों को लाने में पार्टी जातीय और क्षेत्रीय समीकरण का ध्यान रखेगी।

मोर्चों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे

भाजपा के सात मोर्चों में से कुछ के प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की सुगबुगाहट है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप राज्य सरकार में पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। इस वजह से उन्हें मोर्चा के अध्यक्ष पद से हटाया जाना तय है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी विधान परिषद सदस्य बन गए हैं। उम्र के तकाजे से भी उन्हें युवा मोर्चा से हटाने पर मंथन हो रहा है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य राज्य सभा सदस्य हैं। लिहाजा महिला मोर्चा को नया मुखिया मिल सकता है। प्रांशु दत्त द्विवेदी और गीता शाक्य को संगठन में नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

 

 

क्षेत्रीय अध्यक्ष पद भी होंगे नए चेहरे

भाजपा अपने क्षेत्रीय संगठन में बदलाव करेगी। अवध क्षेत्र का अध्यक्ष पद कई महीनों से खाली है। रजनीकांत माहेश्वरी की जगह ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पद पर नया चेहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर मैनपुरी उपचुनाव में हार के बाद यहां बदलाव के आसार हैं। पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और पश्चिमी बेल्ट से ही ताल्लुक रखने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी दोनों जाट हैं। उपचुनाव में मुजफ्फरनगर की खतौली सीट हारने के बाद भाजपा सोशल इंजीनियरिंग के लिहाज से पश्चिम क्षेत्र में गुर्जर या त्यागी बिरादरी से किसी चेहरे को क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर मौका दे सकती है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष पद पर भी बदलाव की चर्चा है।

कई जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष भी हटाये जाएंगे

प्रदेश और क्षेत्र स्तर पर बदलाव के बाद जिलों और मंडलों में भी सांगठनिक फेरबदल होगा। जिन जिलाध्यक्षों के खिलाफ परिवारवाद, भ्रष्टाचार और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने की शिकायतें मिली हैं, उन्हें हटाया जाएगा। लंबे समय से जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर डटे रहने वालों को भी हटाये जाने पर विचार हो रहा है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।