स्वामी अड़गड़ानंद के सक्तेशगढ़ स्थित आश्रम में हुए गोलीकांड मामले में गठित एडीएम और एएसपी की टीम जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के निर्देश पर शिवपुरी रवाना हुई पुलिस टीम जीवन बाबा का आपराधिक इतिहास खंगालने के बाद ग्वालियर जेल रवाना हुई। सोमवार को ग्वालियर पहुंचने के बाद मंगलवार को टीम जेल से जानकारी इकट्ठा करेगी। स्वामी अड़गड़ानंद के सक्तेशगढ़ आश्रम में बीते बृहस्पतिवार को सुबह जीवन बाबा ने आशीष बाबा को गोली मारकर खुद को गोली मार ली थी। इसमें जीवन बाबा की मौत हो गई थी। जीवन बाबा पर शिवुपरी में हत्या करने और जेल से भागने का आरोप था।
जीवन बाबा ने मध्य प्रदेश में हत्या कर जेल से भाग कर आश्रम में शरण लिया था। जीवन बाबा ने जनवरी माह में खौलता तेल फेंका था। जिसके बाद उसे आश्रम से निकाल दिया गया था। मामले की जांच के लिए डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने एडीएम शिव प्रताप शुक्ला और एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। टीम ने बीते शनिवार को आश्रम जाकर स्वामी अड़गड़ानंद से बात करने के साथ ही वहां रहने वाले साधुओं से पूछताछ की थी। तत्पश्चात पुलिस टीम जीवन बाबा का आपराधिक इतिहास खंगालने और अन्य जानकारी इकट्ठा करने के बाद शिवपुरी मध्य प्रदेश रवाना हुई। वहां टीम ने छानबीन की तो जीवन बाबा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित चार आपराधिक मामलों की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस टीम उसके जेल से भागने की कहानी जानने के लिए ग्वालियर जेल रवाना हुई है। पुलिस इस बिंदु पर प्रमुखता से जांच कर रही है कि जीवन बाबा जेल से भागने के बाद आश्रम में कब आया और आश्रम से निकाले जाने के बाद वह कहां रहा। इसके लिए पुलिस उसके काल डिटेल की भी पड़ताल कर रही है। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम शिवपुरी के बाद ग्वालियर जेल गई है। वहां भी जांच पड़ताल कर टीम मंगलवार को लौटेगी।
x
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: