चंदौली प्रकरण को लेकर अब राजनीति भी गरमाने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना को लेकर सीधे राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। अखिलेश ने यहां तक कहा कि मुख्यमंत्री की जाति के अधिकारी ने सबकुछ जानबूझकर किया। उसे पता था कि वहां अपराधी नहीं है, इसके बाद भी घर में घुसे। अखिलेश के आरोपों पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की स्वजाति का अधिकारी जानबूझकर घर में घुसा था। मेरी पुलिस कप्तान से बात हुई थी, उनसे भी कहा कि क्यों ऐसा अन्याय हो रहा है। जहां तक दबिश की बात है सोच समझकर पुलिस ने घर में छापा मारा। जब वहां कोई नहीं मिला तो दो बहनों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
सपा चीफ ने आगे कहा कि कमरे में बंद करके युवती को बेल्ट से मारा गया। एक बहन की जान चली गई और दूसरी बीमार है। घर के अंदर तांडव मचाया है। यह पूरी की पूरी सरकार की पुलिस दोषी है। सभी के खिलाफ 302 का मुकदमा होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि आरोप तो अलग अलग तरह के लग रहे हैं। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। पुलिस पर भरोसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनकी सरकार को मुस्लिमों और यादवों की सरकार बताती है, जबकि खुद भाजपा सरकार में डीएम, थानेदार और अन्य अधिकारी सब एक ही जाति के हैं। सरकार जाति धर्म पर काम कर रही है। लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे हैं।
उधर, अखिलेश यादव के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बौखलाए हुए हैं। घटना के बाद मुकदमा दर्ज हो गया है। संबंधित थाने के इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच से पहले कोई रिपोर्ट आएगी तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
केशव मौर्य ने कहा कि कोई पुलिस वाला गलत करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यदि अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस गई है और उस दौरान ऐसी घटना हुई है तो दुखद है। इसकी जांच में रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई होगी। जो भी दोषी होगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
चंदौली के मनराजपुर में रविवार को गैंगस्टर एक्ट के आरोपित को पकड़ने गई सैयदराजा थाना की पुलिस ने घरवालों के साथ मारपीट की। आरोपित के न मिलने पर पुलिस उसके छोटे भाई को अपने साथ ले गई। आरोप है कि दबिश के दौरान पुलिस ने स्वजन संग जमकर अभद्रता की। इससे क्षुब्ध होकर आरोपित कन्हैया यादव की 27 वर्षीय बेटी गुड़िया ने जहां फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। छोटी बेटी गुंजा पुलिस की पिटाई से जख्मी हो गई।
ग्रामीणों ने जमानिया-सैयदराजा मुख्यमार्ग को मनराजपुर के पास सड़क जाम कर जमकर तांडव किया। गुजर रही एक एंबुलेंस के शीशे जहां लोगों ने तोड़ दिए वहीं बाइक से जा रहे दो पुलिस वालों से मारपीट की। इसमें एक सिपाही को गंभीर चोट आई है। पुलिस के समझाने पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। घटनास्थल पर भारी संख्या में फोर्स तैनात है।
मामला गरमाने के बाद चंदौली के एसपी अंकुर अग्रवाल और डीएम संजीव सिंह ने पूरे मामले को स्पष्ट किया। एसपी ने कहा कि 22 वर्षीय निशा यादव की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सकी है। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार गले पर खरोंच और जबड़े पर हल्की चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा आंतरिक या बाहरी किसी तरह की चोट नहीं है।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। विसरा और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही घटनास्थल पर घटना का रिक्रिएशन कर विशेषज्ञों की राय भी ली जाएगी।
जिला बदर और गैंगेस्टर के आरोपी कन्हैया यादव के बेटे विजय यादव की तहरीर पर निलंबित थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह, संजय सिंह सहित 4 महिला पुलिसकर्मियों सहित कई अज्ञात पर धारा 452, 323 और 304 क तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। उनकी ओर से मिली तहरीर पर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: