जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की यात्रा से पहले पीएम मोदी बोले- भारत की समृद्धि के लिए यूरोप अहम साझेदार


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की अपनी यात्रा से पहले रविवार को कहा कि उनका यूरोप दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब यह क्षेत्र कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और उसके पास चुनाव के अवसर हैं। उन्होंने कहा कि शांति और समृद्धि की भारत की चाह में यूरोपीय देश प्रमुख साझेदार हैं। वे भारत के यूरोपीय साझेदारों के साथ सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहते हैं।

दो मई को बर्लिन पहुंचेंगे

प्रधानमंत्री मोदी जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज के निमंत्रण पर दो मई को बर्लिन पहुंचेंगे। इसके बाद वे डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के निमंत्रण पर तीन और चार मई को कोपेनहेगन की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे फ्रेडरिक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और द्वितीय भारत-नार्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

फ्रांस में रुकेंगे पीएम मोदी

अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री कुछ समय के लिए फ्रांस में रुकेंगे। वहां उनका राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात का कार्यक्रम है। बताते चलें कि इस साल प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली विदेश यात्रा है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब यूक्रेन पर आक्रमण के चलते रूस के खिलाफ अधिकांश यूरोप एकजुट है।

भारत ने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने पर जोर दिया

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीन यूरोपीय देशों की यात्रा से पहले भारत ने रविवार को एक बार फिर यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने और संघर्ष का समाधान बातचीत एवं कूटनीति के जरिये निकालने पर जोर दिया। पत्रकारों से बात करते हुए विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने यूक्रेन पर भारत की स्थिति को लेकर संदर्भ, स्पष्टता, महत्व और सकारात्मक आयाम को रेखांकित किया और कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

 

शत्रुता का अंत होना चाहिए

क्‍वात्रा ने कहा कि यूक्रेन पर हमारी स्थिति स्पष्ट है। पहला, शत्रुता का अंत होना चाहिए। दूसरा, बातचीत और कूटनीति के माध्यम से कोई समाधान निकाला जाना चाहिए। इस विचार से विभिन्न देशों को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया है। विदेश सचिव ने कहा कि यह यात्रा व्यापार और निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार पर केंद्रित है। 

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।