लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश में जारी राजनीतिक बहस के बीच द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने एक बार फिर अपना रुख स्पष्ट किया है. DMK के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा है कि परिसीमन के मुद्दे पर उसकी ओर से पहले रखी गई मांगों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और तमिलनाडु के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा. डीएमके ने साफ किया कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाए जाने की स्थिति में भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए.
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन मुताबिक, पार्टी ने भारत में सबसे पहले परिसीमन से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर आवाज उठाई थी. पार्टी का दावा है कि निष्पक्ष परिसीमन की मांग पर देशभर के राजनीतिक नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए पहली बैठक भी चेन्नई में आयोजित की गई थी. इस बयान के जरिए डीएमके ने परिसीमन के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक भूमिका को भी बताया.
दोनों शर्त को मानने को तैयार मोदी सरकार
सूत्रों के मुताबिक, डीएमके की दोनों शर्तों को मोदी सरकार मानने के लिए तैयार है. कैबिनेट बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा. इसके बाद परिसीमन बिल का डीएमके समर्थन कर देगी. डीएमके ने कल अपने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों की एक बैठक बुलाई है. इस बैठक में केंद्र को समर्थन करने के फैसले का ऐलान हो सकता है.
परिसीमन पर स्टालिन का कांग्रेस पर निशाना?
डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने परिसीमन के मुद्दे पर अपनी मांगें दोहराने के साथ ही विरोधियों पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने बिना नाम लिए उन लोगों को ‘बेशर्म और एहसानफरामोश’ बताया, जो पद के लिए अपने सिद्धांतों को छोड़ देते हैं. स्टालिन ने कहा कि मीडिया में फैलाए जा रहे कयास और विरोधियों की टिप्पणियां डीएमके के रुख को नहीं बदल सकतीं. उनके इस बयान को कांग्रेस पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है.
परिसीमन पर DMK की दो बड़ी मांगें
डीएमके ने तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्रवाई समिति (Joint Action Committee) की बैठक में पारित प्रस्तावों का हवाला देते हुए अपनी दो प्रमुख मांगें दोहराई हैं.
पहली मांग: अगर लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो किसी भी परिस्थिति में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. पार्टी का कहना है कि सीटों की कुल संख्या में वृद्धि के बावजूद लोकसभा में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व मौजूदा अनुपात से नीचे नहीं जाना चाहिए.
दूसरी मांग: राज्यों के बीच लोकसभा में संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित किया गया था और जिसे पहले स्थिर किया गया था, उसमें अगले 25 सालों तक कोई बदलाव नहीं होना चाहिए. डीएमके चाहती है कि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का यह अनुपात अगले ढाई दशक तक बरकरार रखा जाए.
पार्टी ने इन दोनों मांगों को अपना स्पष्ट और स्थायी रुख बताया है. डीएमके के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा के प्रस्ताव और संयुक्त कार्रवाई समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों के अनुरूप ही ये मांगें रखी गई हैं.
‘न कोई बदलाव, न समझौते का सवाल’
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपने बयान में कहा कि वह इन दोनों मांगों पर आज भी कायम है और आगे भी कायम रहेगी. पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और समझौते का कोई सवाल ही नहीं उठता. बयान में कहा गया कि मीडिया में प्रसारित की जा रही अटकलें और पार्टी के विरोधियों की टिप्पणियां उसके रुख को किसी भी तरह प्रभावित नहीं कर सकतीं. डीएमके ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पद हासिल करने के लिए अपने सिद्धांतों को छोड़ने वाले लोगों को पार्टी की इस प्रतिबद्धता को समझना चाहिए.
तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करने का दावा
डीएमके ने दोहराया कि तमिलनाडु के हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिकता है. पार्टी ने कहा कि वह राज्य के हितों को कभी नहीं छोड़ेगी और अपने घोषित सिद्धांतों से पीछे नहीं हटेगी.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: