केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई है. इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिल फिर से लाए जाने की चर्चा है. अप्रैल 2026 में सरकार ने संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ा विधेयक पेश किया था. लेकिन 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाया और खारिज हो गया. अब सरकार इन्हें संशोधित करके दोबारा पेश कर सकती है. आइए जानते हैं कि अगर ये बिल पास हो गए तो आपकी सीट पर क्या असर पड़ सकता है…
1. परिसीमन बिल पास होने पर लोकसभा की सीटें कितनी बढ़ सकती हैं?
प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का रास्ता तैयार किया गया है. सरकार का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता खोलना भी है. मौजूदा 543 सीटों में 50% बढ़ोतरी के मॉडल पर सदस्यों की संख्या करीब 816 हो सकती है. हालांकि, सीटों की अंतिम संख्या परिसीमन की प्रक्रिया और नियमों पर निर्भर करेगी.
2. यूपी, बिहार और दूसरे राज्यों में कितनी सीटें बढ़ सकती हैं?
50% सीट बढ़ोतरी के मॉडल के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120, बिहार में 40 से 60, महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और तमिलनाडु में 39 से करीब 59 हो सकती हैं. ये अनुमान हैं, अंतिम आंकड़े नहीं. सीटों की संख्या परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के बाद तय होगी.
3. क्या आबादी के हिसाब से सीटों का बंटवारा हुआ तो आंकड़े अलग होंगे?
हां. PRS (PRS Legislative Research) के अप्रैल 2026 के एनालिसिस के मुताबिक, परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने पर लोकसभा की सीटों के दो संभावित मॉडल तैयार किए गए हैं. इसमें एक मॉडल में कुल सीटें 543 रखी गई हैं, जबकि दूसरे में 50% बढ़ोतरी की गई.
PRS के मुताबिक, 2011 की जनगणना के आधार पर अगर लोकसभा की सीटें 543 ही रखी जाती हैं, तो यूपी की सीटें 80 से 89 और बिहार की 40 से 46 हो सकती हैं. वहीं तमिलनाडु की सीटें 39 से घटकर 32 और केरल की 20 से घटकर 15 हो सकती हैं. दूसरे मॉडल में कुल सीटें 813 होने पर यूपी को 133 और बिहार को 69 सीटें मिल सकती हैं.
4. क्या परिसीमन के बाद आपके लोकसभा क्षेत्र की सीमाएं बदल सकती हैं?
हां. परिसीमन का असर सिर्फ सांसदों की संख्या पर नहीं पड़ेगा, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं पर भी होगा. आपके गांव, कस्बे या शहर को किसी दूसरे लोकसभा क्षेत्र में शामिल किया जा सकता है. इससे आपका संसदीय क्षेत्र और सांसद बदल सकते हैं.
5. विधानसभा सीटों का समीकरण कैसे बदलेगा?
उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में अभी 403 विधानसभा सीटें और 80 लोकसभा सीटें हैं. औसतन एक लोकसभा क्षेत्र में करीब 5 विधानसभा क्षेत्र आते हैं. अगर लोकसभा सीटें बढ़कर 120 हो जाती हैं और विधानसभा सीटें 403 ही रहती हैं, तो औसतन एक लोकसभा क्षेत्र में लगभग 3 से 4 विधानसभा क्षेत्र आएंगे. इससे मौजूदा विधानसभा क्षेत्र अलग-अलग संसदीय सीटों में जा सकते हैं. हालांकि, विधानसभा सीटों की संख्या और सीमाओं में बदलाव भी परिसीमन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.
6. महिला आरक्षण लागू होने पर कितनी सीटें महिलाओं के लिए होंगी?
परिसीमन के बाद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा. यानी कुल सीधे चुनाव वाली सीटों में करीब एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. अप्रैल 2026 में पेश बिल के मुताबिक 816 सीटों में 272 महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात कही गई थी. सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है.
7. SC-ST आरक्षण पर परिसीमन का क्या असर पड़ेगा?
अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए पहले से आरक्षित सीटों का भी ध्यान रखा जाएगा. इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों में से करीब एक-तिहाई महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. उदाहरण के लिए, अगर किसी राज्य में 100 विधानसभा सीटें हैं, तो करीब 33 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं. इनमें SC-ST वर्ग की महिलाओं का आरक्षण भी शामिल होगा. इसका मतलब यह नहीं है कि SC-ST का मौजूदा आरक्षण अलग से 33% बढ़ा दिया जाएगा.
8. क्या महिला आरक्षित सीटें हर चुनाव में बदल सकती हैं?
महिला आरक्षित सीटों का रोटेशन यानी बारी-बारी से बदलना प्रस्तावित है. इससे किसी चुनाव में जो सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होगी, अगले परिसीमन के बाद वह दूसरी सीट हो सकती है.
9. वोटर के लिए सबसे बड़ा बदलाव क्या होगा?
परिसीमन के बाद आपके लोकसभा क्षेत्र की सीमा, सीट का नाम और आरक्षण की स्थिति बदल सकती है. लेकिन अभी किसी वोटर की सीट का अंतिम नक्शा तय नहीं हुआ है. बिल पास होने के बाद परिसीमन आयोग बनेगा, जो नए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण करेगा. 2029 के चुनाव में आपकी सीट का नाम, सीमा और आरक्षण क्या होगा, इसका अंतिम जवाब आयोग के आदेश के बाद ही मिलेगा.
10. सुप्रीम कोर्ट ने SC-ST आरक्षित सीटों पर क्या कहा था?
सुप्रीम कोर्ट ने 16 नवंबर को कहा कि किसी वोटर या उम्मीदवार को किसी खास निर्वाचन क्षेत्र के SC/ST के लिए आरक्षित रहने का अधिकार नहीं है. कानून इन वर्गों की आबादी के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित करता है, किसी विशेष सीट पर आरक्षण की गारंटी नहीं देता. CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में आरक्षित सीटों के रोटेशन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की. कोर्ट ने कहा कि आरक्षित सीटों को बदलने यानी रोटेशन का तरीका और समय तय करना सरकार के अधिकार क्षेत्र में है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: