रितिक शर्मा के धमाकेदार शतक और पांच विकेट से फिरोजाबाद ने लगातार दूसरी बार जीता ज्ञान कप, समापन के बाद होल्डिंग ले उड़े दर्शक


रितिक शर्मा के धमाकेदार शतक और पांच विकेट से फिरोजाबाद ने लगातार दूसरी बार जीता ज्ञान कप, समापन के बाद होल्डिंग ले उड़े दर्शक
अब तक न्याय/ रोहित गंगवार 
कायमगंज के एसएनएम इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित तीसरे अंतरराज्यीय ज्ञान कप क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में किड्स कॉर्नर क्रिकेट क्लब फिरोजाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सहारा इलेवन अलीगढ़ को 183 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के साथ फिरोजाबाद ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुकाबले के हीरो रहे ऑलराउंडर रितिक शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से कहर बरपाते हुए 106 रन ठोके और 5 विकेट चटकाए। उनके इस हरफनमौला खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया।
इससे पहले प्रमुख उद्योगपति लक्ष्मी नारायण अग्रवाल ने टॉस कराया, जिसे फिरोजाबाद के कप्तान सुल्तान अंसारी ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। रितिक शर्मा ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक जड़ा और 10 छक्कों व 9 चौकों की मदद से विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत फिरोजाबाद ने निर्धारित ओवरों में 277 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारा इलेवन अलीगढ़ के बल्लेबाज दबाव में बिखर गए और कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं पनप सकी, जिससे पूरी टीम महज 94 रनों पर सिमट गई और फिरोजाबाद ने 183 रनों से आसान जीत दर्ज कर ली।
मैच के दौरान चौकों-छक्कों की बरसात के बीच आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज से मैदान का माहौल उत्सव जैसा बना रहा, लेकिन मुकाबला खत्म होते ही अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया और दर्शक बाउंड्री लाइन पर लगी होल्डिंगों पर टूट पड़े, जिससे देखते ही देखते सारी होल्डिंग गायब हो गईं। समापन समारोह में सांसद मुकेश राजपूत, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक, श्रेयांश अग्रवाल, राजेश अग्निहोत्री और अमरदीप दीक्षित समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने विजेता टीम के कप्तान और कोच डॉ. मयंक भटनागर को ट्रॉफी व एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता टीम के कप्तान अमित कुमार को ट्रॉफी और 51 हजार रुपये नकद दिए गए, जबकि रितिक शर्मा को ट्रॉफी के साथ 21 हजार और 5 हजार रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ खिलाड़ियों ज्योति अग्निहोत्री, शिव शंकर राठौड़, शोएब भाई, मधु खान और महमूद खान को सम्मानित करने के साथ-साथ कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर सौरभ जायसवाल व हिमांशु यादव, स्कोरर राजेश सिंह, रेफरी मनोज तिवारी, कॉमेंटेटर अनिल वर्मा, गोविंद कौशल व परवेज खान तथा लाइव स्ट्रीमिंग टीम के मानस वर्मा, अशोक वर्मा, सनोज व अरविंद शर्मा लालू के योगदान की भी सराहना की गई।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।