महापुरुषों के नाम पर पार्क, मगर सम्मान के नाम पर गंदगी! इंदिरा गांधी पार्क की दुर्दशा पर कांग्रेस का तीखा हमला
आमोद कुमार
बांदा। इतिहास की महान विभूतियों के नाम पर स्मारक और पार्क तो बना दिए गए, लेकिन उनकी गरिमा बचाने की जिम्मेदारी शायद व्यवस्था भूल बैठी है। इंदिरा नगर स्थित इंदिरा गांधी पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी और वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर कांग्रेस ने श्रद्धासुमन अर्पित किए, लेकिन समारोह के बीच पार्क की बदहाल सफाई व्यवस्था ने प्रशासनिक दावों की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।
जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के सामने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर कर दिए। वहीं इंदिरा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन में बाल्यकाल से भागीदारी निभाई और प्रधानमंत्री के रूप में बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति तथा बांग्लादेश के निर्माण जैसी ऐतिहासिक घटनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*श्रद्धांजलि के मंच पर उठी प्रशासनिक लापरवाही की आवाज*
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षसीमा खान ने इंदिरा गांधी पार्क की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्क में जगह-जगह गंदगी का साम्राज्य है। महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित होने के बावजूद साफ-सफाई की अनदेखी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शासनादेश के तहत ऐसे स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तय है, तब जिम्मेदार विभाग अपनी जवाबदेही से क्यों बच रहे हैं?उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्क की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त नहीं की गई तो कांग्रेस जनांदोलन छेड़ने को बाध्य होगी।कार्यक्रम में संकटा प्रसाद त्रिपाठी, मोहम्मद इदरीश, बलदेव वर्मा एडवोकेट, सत्यप्रकाश द्विवेदी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, जितेंद्र गौरव, हेमंत कुमार वर्मा, बाबूराम यादव, रामरूप सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, संतोष कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
विडंबना देखिए, एक तरफ महापुरुषों की जयंती पर फूल चढ़ाकर उनके आदर्शों का गुणगान किया जाता है, दूसरी तरफ उन्हीं की स्मृतियों से जुड़े पार्क गंदगी और उपेक्षा के हवाले हैं। सवाल केवल सफाई का नहीं, सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति प्रशासनिक जवाबदेही और ऐतिहासिक विरासत के सम्मान का है। माल्यार्पण से सम्मान की रस्म पूरी हो सकती है, लेकिन उपेक्षित स्मारक व्यवस्था की संवेदनहीनता का आईना बने रहते हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: