फर्रुखाबाद: छठ पूजा से पहले पांचालघाट पर पसरी गंदगी और अधूरे इंतजाम, व्रतियों की बढ़ी चिंता
फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ के करीब 50 परिवारों द्वारा की जाने वाली छठ पूजा से पहले पांचालघाट पर साफ-सफाई और मरम्मत के काम अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। पर्व में कुछ ही दिन शेष होने के बावजूद गंगा तट पर चारों तरफ गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
घाट के किनारे पूजा की बची हुई सामग्री, पॉलीथिन और खंडित मूर्तियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं में रोष है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दिनों आई बाढ़ के कारण पांचालघाट का काफी हिस्सा कट गया था और घाट की मरम्मत का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। आमतौर पर पर्व से पहले जिला पंचायत, नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन द्वारा घाटों की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाती है, लेकिन इस बार तैयारियां अधूरी नजर आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसके अगले दिन 14 नवंबर को खरना पूजन के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को व्रती महिलाएं पांचालघाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देंगी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस कठिन व्रत का समापन होगा। समय कम होने के कारण श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द घाट की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: