चलते टेंपो का पिछला पहिया निकला, अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराया; बाल-बाल बचीं 12 सवारियां
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के शुकुल्लापुर स्थित ग्रामीण बैंक के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कायमगंज से सवारियां लेकर फर्रुखाबाद जा रहे एक टेंपो का अचानक पिछला पहिया निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। गनीमत रही कि हादसे में टेंपो में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव हसिंगपुर निवासी जुगेंद्र कुमार बुधवार को अपने टेंपो में करीब 12 सवारियां बैठाकर कायमगंज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही टेंपो नवाबगंज क्षेत्र के शुकुल्लापुर ग्रामीण बैंक के पास पहुंचा, अचानक उसका पिछला पहिया निकलकर अलग हो गया। पहिया निकलते ही चालक जुगेंद्र वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और टेंपो करीब 20 मीटर तक घिसटते हुए सीधे बिजली के पोल से टकरा गया।
टक्कर होते ही टेंपो में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई और लोग घबरा गए। हालांकि, मौके पर जुटे राहगीरों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: