ऊंचाहार: नाली पर ईंटों की दीवार खड़ी कर रोका पानी का रास्ता, सड़क बनी गंदे पानी का तालाब
अब तक न्याय
ऊंचाहार (रायबरेली)। गांव की नालियां लोगों को गंदगी और जलभराव से राहत देने के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन अरखा बाजार में कुछ लोगों की कथित मनमानी ने इसी व्यवस्था को परेशानी का सबब बना दिया है। यहां सार्वजनिक नाली में ईंटें डालकर पानी का बहाव रोकने का आरोप है। नतीजा यह है कि नाली का गंदा पानी अब सड़क पर फैल रहा है और राहगीरों को मजबूरन उसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। मामला कोतवाली क्षेत्र के अरखा गांव का है। अरखा निवासी चंद्रकांत उपाध्याय की बाजार में किराने की दुकान है। उनका आरोप है कि दुकान के सामने सड़क किनारे बनी सार्वजनिक नाली में पड़ोस के कुछ लोगों ने ईंटें भरकर पानी का निकास बाधित कर दिया है। इससे नाली का पानी सड़क पर जमा हो रहा है और पूरे इलाके में गंदगी व दुर्गंध का माहौल बन गया है।चंद्रकांत उपाध्याय का कहना है कि दुकान पर आने वाले ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए वह स्वयं नियमित रूप से नाली की सफाई करते हैं। इसके बावजूद नाली में ईंटें डाल दिए जाने से पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों की मनमानी का खामियाजा पूरे बाजार के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क पर फैला गंदा पानी राहगीरों, स्कूली बच्चों, दुकानदारों और बाजार आने वाले ग्राहकों के लिए मुसीबत बन गया है। बदबू और गंदगी के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। लंबे समय तक यही स्थिति बनी रही तो मच्छरों के पनपने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब गांवों में सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है, तो सार्वजनिक नाली में ईंटें डालकर पानी का रास्ता रोकने की शिकायत पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या जिम्मेदारों को इस समस्या की जानकारी नहीं है या शिकायत के बाद भी व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत नहीं समझी जा रही है? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर सार्वजनिक नाली से अवरोध हटवाया जाए और उसकी समुचित सफाई कराकर जलनिकासी बहाल की जाए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी लोगों को गंदगी से निजात दिलाते हैं या अरखा बाजार के लोगों को इसी बदहाल व्यवस्था के बीच गुजर-बसर करना पड़ेगा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: