भगवत कथा देती है सद्भाव, भाईचारे और सत्कर्म की प्रेरणा : पूर्व विधायक राजा कुंवर अजयपाल सिंह
अब तक न्याय/ मो०उवैश मंसूरी
ऊंचाहार (रायबरेली)। क्षेत्र के ग्राम पूरे राठौरन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन मंगलवार को श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच कथा का समापन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर अजयपाल सिंह विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने कथा श्रवण कर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली आध्यात्मिक शिक्षा है। यह हमें सद्भाव, आपसी भाईचारे, प्रेम और सत्कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है पूर्व विधायक ने कहा कि मनुष्य का जीवन और उसकी प्रत्येक सांस अनमोल है। इसे केवल भौतिक सुख-सुविधाओं और सांसारिक मोह-माया में व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। भगवत कथा का श्रवण मन को निर्मल करने के साथ व्यक्ति के विचारों और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। इससे समाज में प्रेम, सद्भाव और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत हमें निष्काम कर्म का संदेश देती है। मनुष्य को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए, लेकिन कर्मों के फल के प्रति अनावश्यक आसक्ति नहीं रखनी चाहिए। जीवन में कठिन परिस्थितियां और आर्थिक संकट आने पर भी आध्यात्मिक चिंतन मन को शांति, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की शक्ति प्रदान करता है। कुंवर अजयपाल सिंह ने कहा कि धर्म और अध्यात्म का अर्थ संसार और जिम्मेदारियों से विमुख होना नहीं है, बल्कि परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाते हुए ईश्वर के प्रति आस्था बनाए रखना है। यही श्रीमद्भागवत का मूल संदेश है इससे पूर्व कथा पंडाल पहुंचने पर मुख्य यजमान शिव प्रताप सिंह राठौर सहित ग्रामीणों ने पूर्व विधायक का स्वागत किया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष बाबा ज्ञान सिंह, ग्राम प्रधान धनराज यादव, गंगा बक्स सिंह, कोमल यादव, ठाकुर प्रकाश सिंह, शिव शंकर मिश्र, राजू सिंह, राम सिंह, ओम प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह, रणवीर सिंह, पप्पू अग्रहरि, सुंदर सिंह, गोलू तिवारी, अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: