बीआईटी गीडा में सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन, 128 लोगों ने किया रक्तदान
गीडा, गोरखपुर बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), गीडा में सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवा संवाद, स्टार्टअप, नवाचार, ग्रामीण विकास पर परिचर्चा के साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत उनवल के अध्यक्ष महेश दुबे व नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा गोरखपुर तरनुम बानो उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बुद्धा ग्रुप के सचिव डॉ. रजत अग्रवाल ने की।
मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि युवा ही देश के कर्णधार हैं और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। युवा की ऊर्जा से ही देश की दिशा और दशा तय होगी। ज्ञान और शिक्षा ही सबसे बड़ी पूंजी है। कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और समर्पण से ही भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने छात्रों से समाज सेवा, जन सेवा और देश सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि महेश दुबे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम है। वंचित और जरूरतमंदों की सहायता ही इसका मूल संकल्प है। सेवा ही धर्म है, निरंतर प्रयास से ही सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।
नोडल अधिकारी तरनुम बानो ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा भाव का विकास करना है। यह अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
संस्थान के सचिव डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल किताबी ज्ञान के केंद्र नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के केंद्र हैं।
इस सेवा संकल्प अभियान में 128 शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रशासन दीपक अग्रवाल, डॉ. गोविन्द पाण्डेय, विजय श्रीवास्तव, संतोष त्रिपाठी, डॉ. रूप रंजन, निदेशक फार्मेसी डॉ. आशीष सिंह, निदेशक डिग्री कॉलेज डॉ. अरुण पाण्डेय, निदेशक मैनेजमेंट डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, निदेशक नवाचार अंकुर कुमार, प्रतीश कनौजिया सहित सभी विभागाध्यक्ष व अधिष्ठाता उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: