अर्जुन रौतेला, आगरा। आगरा कैंट जीआरपी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुनीत के खिलाफ पहले से 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुनीत पढ़ाई में भी अच्छा था और उसने नीट परीक्षा पास की थी। इसके बावजूद लग्जरी लाइफस्टाइल जीने की चाह में वह चोरी की वारदातों में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार पुनीत लखनऊ में हुक्का पार्लर चलाता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद पार्लर बंद होने पर चोरी की राह पर चला गया। चोरी की घटनाओं के साथ वह नीट की तैयारी भी करता रहा।
पुलिस के मुताबिक पुनीत का परिवार भी शिक्षित और प्रतिष्ठित है। उसका भाई एयरफोर्स में है, बहन डॉक्टर है, जबकि पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं। आरोपी ने चोरी से हासिल रकम का इस्तेमाल अपनी कथित गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करने में किया। पुलिस का दावा है कि गर्लफ्रेंड को कैंसर होने पर उसके इलाज में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए।
पूछताछ में आरोपी के चोरी करने के तरीके को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार वह जिस जिले में चोरी की वारदात को अंजाम देता था, वहां दोबारा चोरी नहीं करता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बच सके। आरोपी कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
आगरा कैंट जीआरपी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद आभूषण और नकदी के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। अधिकारी के अनुसार गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।