*छात्रवृत्ति का लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना प्राथमिकता : जिलाधिकारी*
*पीयू में छात्रवृत्ति योजना के सफल क्रियान्वयन पर कार्यशाला, आवेदन से सत्यापन तक प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर*
*जौनपुर।* वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय एवं जिला समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आर्यभट्ट सभागार में ‘छात्रवृत्ति योजना का सफल क्रियान्वयन’ विषयक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जानकारी के अभाव अथवा आवेदन प्रक्रिया में आने वाली कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों से आवेदन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन विद्यार्थियों और संस्थानों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण में जौनपुर पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग आसान बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘छात्रवृत्ति पटल’ स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक जानकारी मिल सके।
जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने विभागों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जानी चाहिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, शासन की समय-सारिणी और महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक और कर्मचारियों ने छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याएं और सवाल उठाए, जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संचालन सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नितेश जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय के अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, जनपद के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य तथा छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: