राजनाथ सिंह से मिलने के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भरोसा दिया कि श्रीलंका की जमीन का इस्तेमाल भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ किसी भी गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा.


भारत और श्रीलंका के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग सिर्फ दो देशों के द्विपक्षीय रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर हिंद महासागर की क्षेत्रीय सुरक्षा और भारत की समुद्री रणनीति पर पड़ता है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की श्रीलंका यात्रा इसी सामरिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की कड़ी है. सबसे बड़ा संदेश श्रीलंका की तरफ से आया है. राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने साफ कहा है कि श्रीलंका की जमीन का इस्तेमाल भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ किसी भी गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा. हिंद महासागर में श्रीलंका की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह बयान भारत के लिए खास महत्व रखता है.

 

दरअसल, श्रीलंका हिंद महासागर के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों के बीच स्थित है. ऐसे में कोलंबो, हंबनटोटा और श्रीलंका के आसपास का समुद्री क्षेत्र भारत की समुद्री सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है. चीन की हिंद महासागर में बढ़ती मौजूदगी के बीच भारत के लिए श्रीलंका के साथ मजबूत रणनीतिक रिश्ते जरूरी हैं. भारत का फोकस है कि श्रीलंका के साथ भरोसेमंद सुरक्षा साझेदारी बनी रहे और हिंद महासागर में किसी बाहरी शक्ति की गतिविधियां भारत की सुरक्षा के लिए चुनौती न बनें.

एयर डिफेंस से लेकर मिलिट्री ट्रेनिंग तक सहयोग

भारत अब सिर्फ सैन्य उपकरण देने तक सीमित नहीं है. श्रीलंका की 6 L70 एयर डिफेंस गनों का अपग्रेडेशन, दोनों देशों के नेशनल डिफेंस कॉलेजों के बीच सहयोग और NCC यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम इस बात के संकेत हैं कि रक्षा साझेदारी का दायरा लगातार बढ़ रहा है. L70 गनों के अपग्रेडेशन से श्रीलंका की महत्वपूर्ण जगहों की एयर डिफेंस क्षमता मजबूत होगी. वहीं, डिफेंस कॉलेजों और NCC के बीच सहयोग से दोनों देशों की सैन्य संस्थाओं और युवा कैडेट्स के बीच संपर्क बढ़ेगा.

 

‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के तौर पर भारत

चक्रवात ‘दितवाह’ के दौरान भारत की राहत और पुनर्वास सहायता भी इस साझेदारी का अहम हिस्सा है. राजनाथ सिंह ने साफ कहा है कि श्रीलंका की मदद करना भारत के लिए कोई अहसान नहीं बल्कि जिम्मेदारी है यानी भारत की रणनीति केवल सैन्य सहयोग तक सीमित नहीं है बल्कि रक्षा, आपदा राहत, मानवीय सहायता, ट्रेनिंग और समुद्री सुरक्षा, इन सभी मोर्चों पर श्रीलंका के साथ साझेदारी को मजबूत करना इसका हिस्सा है. श्रीलंका भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ और हिंद महासागर रणनीति का अहम हिस्सा है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।