HAL ने अक्टूबर में भारत में SJ-100 सिविल कम्यूटर एयरक्राफ्ट के निर्माण के लिए रूसी कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन के साथ एक करार पर दस्तखत किया था. इसमें PD-8 इंजन का इस्तेमाल होगा.


रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ब्रिक्स समिट (BRICS Summit) में हिस्सा लेने के लिए भारत के दौरे पर आ रहे हैं. उनके दिल्ली दौरे के दौरान कई अहम समझौते भी होने के आसार हैं. साथ ही पुतिन दिल्ली आने के दौरान कुछ खास चीज भी लेकर आ रहे हैं, इसमें नई पीढ़ी का जेट इंजन भी शामिल है. यही नहीं Su-57 फाइटर जेट को लेकर टेक्नोलॉजी साझा करने पर बातचीत हो सकती है.

 

रूसी एजेंसी Rostec (जिन्हें पहले Rostekhnologii कहा जाता था) जो रूस की सरकारी डिफेंस और इंडस्ट्रियल कंपनी है. रोस्टेक (Rostec) नई दिल्ली में होने वाले INNOPROM इंडिया में नई PD-8 इंजन को प्रदर्शित करने की तैयारी में है, जो रूस के बेहद खास SJ-100 रीजनल एयरलाइनर को पावर देता है. INNOPROM इंडिया 9 से 11 सितंबर तक भारत मंडपम में लगेगा.

PD-8 इंजन को रूस की यूनाइटेड इंजन कॉर्पोरेशन (जो रोस्टेक की एक सब्सिडियरी कंपनी है) ने SJ-100 और Be-200 जैसे घरेलू स्तर पर बने विमानों के लिए तैयार किया है. यह इंजन बेहद खास है. इसका ड्राई वेट करीब 1.7 टन (नैसेल के साथ 2.3 टन) है और इसका बाईपास दर 4.4 है. यह इंजन करीब 8 टन का टेकऑफ थ्रस्ट भी पैदा करता है.

 

SJ-100 रीजनल एयरलाइनर है, इसमें 75 से लेकर 103 यात्री बैठ सकते हैं. यह एक बार में करीब 3,530 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है. यह काफी तेज उड़ान भरने में सक्षम है. यह Mach 0.82 यानी 1012.536 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में भरता है. पिछले साल हुए करार के बाद भारत में SJ-100 का प्रोडक्शन किया जाएगा.

पिछले साल HAL ने किया था करार

इससे पहले हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने पिछले साल अक्टूबर में भारत में SJ-100 सिविल कम्यूटर एयरक्राफ्ट के निर्माण के लिए रूसी पब्लिक जॉइंट स्टॉक कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन के साथ एक करार पर दस्तखत किया. तब इस करार की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस देश के सिविल एविएशन सेक्टर के लिए अहम कदम बताया था.

राजनाथ सिंह ने कहा कि SJ-100 UDAN स्कीम के तहत कम दूरी की कनेक्टिविटी के लिए गेम-चेंजर साबित होगा और सिविल एविएशन में ‘आत्मनिर्भरता’ हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. उन्होंने कहा कि SJ-100 देश में बनने वाला पहला पूरी तरह से यात्री एयरक्राफ्ट होगा. एयरक्राफ्ट का मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट सेक्टर को मजबूत करेगा और एविएशन इंडस्ट्री में सीधे और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगा.

यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (UAC) के प्रमुख वादिम बादेखा ने इस साल जून में 29वें सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF) के दौरान बताया था कि भारतीय कंपनी ने SJ-100 रीजनल जेट और II-114-300 टर्बोप्रॉप विमानों की भारी मांग जताई है.

3 साल में भारत में शुरू होगा प्रोडक्शन

रूसी समाचार एजेंसी TASS से बातचीत के दौरान बादेखा ने कहा, “भारत ने हमारे एविएशन इक्विपमेंट में सबसे पहले गहरी दिलचस्पी दिखाई थी. हमने ‘विंग्स इंडिया’ में हिस्सा लिया, जहां हमने SJ-100 और Il-114-300 को प्रदर्शित किया था. भारत की सरकारी एयरोस्पेस कंपनी HAL ने Il-114-300 और SJ-100 की मांग की है. हम 100 से 200 विमानों को लेकर बात कर रहे हैं.”

उन्होंने कहा था कि भारत को रीजनल और कम दूरी के विमानों की बहुत जरूरत है और यह रूसी एविएशन एक्सपोर्ट के लिए एक अहम बाजार बन सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पहले ‘सुपरजेट’ विमान का प्रोडक्शन अगले 3 साल में शुरू हो सकता है.”

Su-57 फाइटर जेट पर होगी बातचीत

ब्रिक्स समिट के लिए पुतिन के भारत दौरे से पहले, क्रेमलिन ने कल मंगलवार को अपने पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट को बढ़ावा देते हुए कहा कि भारत को स्टील्थ फाइटर बेचना राष्ट्रपति पुतिन के एजेंडे में सबसे ऊपर है. साथ ही मॉस्को, Su-57 टेक्नोलॉजी को साझा करने की संभावना पर नई दिल्ली के साथ लगातार बातचीत कर रहा है.

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, “Su-57 जेट बहुत एडवांस्ड मशीनें हैं और ये दुनिया की बेहतरीन मशीनों में से एक हैं. इन मशीनों को बेचना (पुतिन की ब्रिक्स द्विपक्षीय बैठक के) एजेंडे में शामिल है.”

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।