पंजाब में गुलजार सिंह की आत्महत्या को लेकर राहुल गांधी ने AAP सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल पूछने वालों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, साथ ही वित्त मंत्री हरपाल चीमा के इस्तीफे की मांग की.


पंजाब में गुलजार सिंह की आत्महत्या का मुद्दा गरमा गया है. इसको लेकर सूबे के विपक्षी दल आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साध रहे हैं. विपक्ष का कहना है कि राज्य में एक सवाल की कीमत मौत है. वहीं अब इस मामले पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बयान सामने आया है. उन्होंने AAP पर हमला करते हुए कहा कि सरकार की नाकामी पर सवाल किया जाएगा तो उसका जवाब टॉर्चर से मिलेगा. उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं.

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि पंजाब की AAP सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है. सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और टॉर्चर से मिलेगा.

‘ड्रग्स का कारोबार रोकने में सरकार नाकाम क्यों’

राहुल गांधी ने कहा कि अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले, दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा से पंजाब में सरेआम ड्रग्स बिक्री को लेकर सवाल उठाया था. राहुल ने कहा कि गुलज़ार सिंह सिर्फ इतना पूछा कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है?.

 

 

‘गुलजार सिंह ने आहत होकर जहर खा लिया’

सांसद ने कहा कि बस इसी बात पर गुलजार सिंह को प्रताड़ित और अपमानित किया गया. उन पर माफ़ी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने आखिरकार जहर खा लिया. राहुल गांधी ने कहा एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते हुए, इलाज के अभाव में, आखिरकार गुलज़ार सिंह ज़िंदगी की जंग हार गए. राहुल गांधी ने कहा कि पिछले हफ्ते उन्होंने एक युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया.

वित्त मंत्री हरपाल चीमा के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं. उन्होंने कहा कि गुलज़ार सिंह के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तत्काल वित्त मंत्री हरपाल चीमा का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी FIR में उनका नाम दर्ज किया जाए.

पांच लोगों पर FIR दर्ज

वहीं पंजाब के संगरूर में गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों पर FIR दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. लखविंदर सिंह उर्फ लखा पुत्र गुलजार सिंह (मृतक) के बयान पर FIR दर्ज की गई थी. जिन के लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी उनमें बलजीत सिंह उर्फ राज (सरपंच), सुखदेव सिंह उर्फ सुखा (कंडक्टर), विक्की सिंह (पंचायती सदस्य), गोना सिंह पुत्र बाबू सिंह, बलजिंदर कौर (सरपंच) शामिल हैं. FIR नंबर 24, दिनांक 08.09.2026, धारा 108 BNS और SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(R)(S) के तहत थाना दिड़बा में मामला दर्ज किया गया. आरोप है कि इन लोगों ने गुलजार सिंह पर माफी के लिए दबाव बनाया था जिसकी वजह से गुलजार सिंह ने आत्महत्या कर ली.

क्या है पूरा मामला

दरअसल संगरूर जिले के तूरबंजारा गांव में 50 साल के गुलजार सिंह ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की जनसभा में सरेआम ड्रग्स की बिक्री को लेकर सवाल उठाया था. इसके बाद प्रताड़ना और दबाव से आहत होकर उन्होंने सल्फास खा ली और इलाज के दौरान लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल में उनकी मौत हो गई. सिंह को सवाल पूछने की वजह से माफी मांगने के लिए प्रताड़ित किया गया था.

सल्फास निगलने के बाद शख्स ने वीडियो में आरोप लगाया था कि उसके गांव में मंत्री हरपाल चीमा आए, तो उसने मंत्री से खुलेआम नशा बिकने पर रोक लगाने को लेकर सवाल किया था. इसके बाद उसके घर आकर गांव के पंच और सरपंच ने माफी मांगने का दबाव बनाया. जिससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया.

https://x.com/RahulGandhi/status/2097524804689494396?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2097524804689494396%7Ctwgr%5E9e13dc0b4835f2220697b19abc37d4ef7ef4cb19%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.tv9hindi.com%2Findia%2Fpunjab-gulzar-singh-suicide-over-drug-question-ignites-political-storm-rahul-gandhi-slams-aap-3902182.html

 

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।