रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय


रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय

महमूदाबाद (सीतापुर)।पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं लोकप्रिय समाजसेवी स्वर्गीय महेन्द्र सिंह वर्मा की 64वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को महेन्द्र सिंह वर्मा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस शिविर में हजारों लोगों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।

गौरतलब है कि स्व. महेन्द्र सिंह वर्मा का जन्म 20 जून 1962 को हुआ था तथा 12 मार्च 2022 को उनका निधन हो गया था। उनके जनकल्याणकारी कार्यों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हर वर्ष विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

यह स्वास्थ्य शिविर ट्रस्ट के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील वर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नूपुर, जनरल फिजीशियन डॉ. राघव राम, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक वंशवार तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कपिल सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया।

सुबह से ही आयोजन स्थल पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुव्यवस्थित पंजीकरण, जांच एवं दवा वितरण की व्यवस्था की गई थी। पूरे शिविर के दौरान सेवा भाव और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर स्व. महेन्द्र सिंह वर्मा के सुपुत्र उत्कर्ष वर्मा तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र वर्मा के सुपुत्र हर्ष वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्व. महेन्द्र सिंह वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके जनसेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. महेन्द्र सिंह वर्मा ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया और जनहित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर महेन्द्र सिंह वर्मा मेमोरियल ट्रस्ट लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में जनोपयोगी कार्यक्रम संचालित कर रहा है।

क्षेत्रीय लोगों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं। ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह आयोजन स्व. महेन्द्र सिंह वर्मा की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ समाज सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।