बहुजन समाज से राजेश कुमार सिद्धार्थ का आह्वान: 30 जून को सिधौली से लखनऊ तक निकलेगी विशाल पदयात्रा
सिधौली (सीतापुर)। डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने बहुजन समाज, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, नौजवान, व्यापारी तथा आम नागरिकों से 30 जून 2026 को आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान की मूल भावना पर आधारित है और प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और संविधान के मूल मूल्यों से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं तथागत गौतम बुद्ध के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता है, क्योंकि यही विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और अवसरों की समानता प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बहुजन समाज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें संविधान तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिससे समाज सम्मानजनक जीवन और अपने अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब सभी नागरिकों को समान न्याय और समान अवसर प्राप्त होंगे। किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी जाति, सामाजिक स्थिति या आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर भेदभाव संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 को डॉ. आंबेडकर पार्क, बहादुरपुर (सिधौली) से विशाल पदयात्रा प्रारंभ होगी, जो विभिन्न जनसरोकारों एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ की ओर प्रस्थान करेगी। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण करना है।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या दल विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय, भेदभाव, शोषण और असमानता के विरुद्ध है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों तथा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से पदयात्रा में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 30 जून की यह पदयात्रा सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: