अजय अवसरे बोले – “तुगलकी आदेश तुरंत वापस ले सरकार”


अजय अवसरे बोले – “तुगलकी आदेश तुरंत वापस ले सरकार”
बालाघाट जिले में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को पेट्रोल एवं डीजल नहीं देने के प्रशासनिक आदेश को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों, छोटे व्यापारियों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए परेशानी बढ़ाने वाला निर्णय बताया है।
जानकारी के अनुसार आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय भोपाल के पत्र क्रमांक 3061/पेट्रोलियम/2026 दिनांक 26 मई 2026 के निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी किया गया है कि जिले के किसी भी पेट्रोल पंप से बिना नंबर प्लेट वाले दुपहिया, चार पहिया, ट्रैक्टर, ट्रक अथवा अन्य व्यावसायिक वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक के डिब्बों में डीजल प्रदाय पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध “मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण का विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश 2005” तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश पर जनपद पंचायत लांजी के उपाध्यक्ष अजय अवसरे ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय खरीफ खेती की तैयारी का है और ऐसे समय में इस प्रकार का आदेश किसानों के लिए भारी परेशानी खड़ी करेगा।
अजय अवसरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मिक्सर मशीन, स्लेब मशीन, जनरेटर, मोटर पंप और खेतों में काम कर रहे ट्रैक्टरों के लिए कई बार डीजल डिब्बों में ले जाना आवश्यक होता है। कई कृषि उपकरण खेतों में ही खड़े रहते हैं, जिससे उन्हें पेट्रोल पंप तक ले जाना अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी साबित होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल हो चुकी है और इस तरह के “अनावश्यक एवं अव्यावहारिक आदेश” लागू कर किसानों, व्यापारियों और आम जनता की मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं। अजय अवसरे ने मांग की कि सरकार किसानों एवं ग्रामीण जनता के हित को ध्यान में रखते हुए इस आदेश पर पुनर्विचार करे और इसे तत्काल वापस ले।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।