न्यूरिया में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचा दल, वीडियो में कैद हुई पूरी घटना


पीलीभीत जनपद के न्यूरिया थाना क्षेत्र में  कुर्क की जा चुकी विवादित कृषि भूमि पर गन्ने की फसल काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम खिरका निवासी गुंचा भाटिया के पैतृक खेत (गाटा संख्या 27 व 1) में खड़ी गन्ने की फसल को कथित रूप से हड़पने के उद्देश्य से विरोधी पक्ष द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचकर कटान शुरू कर दिया गया। मामला तब और गंभीर हो गया जब यह भूमि पूर्व से ही एसडीएम न्यायालय के आदेश पर कुर्क बताई जा रही है, जिसमें किसी भी पक्ष को खेती, कटान या अन्य गतिविधि की अनुमति नहीं है।

शिकायत के अनुसार, प्रणव भसीन, रीता भसीन, प्रकृति चावला और प्रियंक भसीन ने कथित रूप से आपसी षड्यंत्र रचकर खेत संख्या 27 में खड़ी गन्ने की फसल कटवाने की योजना बनाई। इसके तहत योगेश भसीन पुत्र दुर्गादास भसीन समेत 7-8 लोगों को न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर (संख्या UP26 AH 1927) और एक बिना नंबर के पुराने एस्कॉर्ट ट्रैक्टर व तीन ट्रॉलियों के साथ खेत पर भेजा गया। बताया गया कि आरोपियों ने बड़ी मात्रा में गन्ना काटकर ट्रॉलियों में भर लिया और शेष फसल ले जाने की तैयारी में थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रार्थिनी के पावर ऑफ अटॉर्नी कपिल अग्रवाल मौके पर पहुंचे और पूरी गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग की, जो पुलिस को सौंप दी गई है। वीडियो में कथित रूप से आरोपी, वाहन और कटान की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट दिखाई दे रही है।

सूचना पर थाना न्यूरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहनों व लोगों को रोककर स्थिति नियंत्रित की।

जब भूमि पहले से कुर्क है और न्यायालय का स्पष्ट आदेश लागू है, तो फिर खुलेआम फसल कटान का प्रयास कैसे हुआ? क्या यह प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश है? क्षेत्र में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में चर्चा है कि यदि समय रहते सूचना न मिलती तो पूरी फसल साफ कर दी जाती।

थाना न्यूरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

यह मामला केवल फसल चोरी का नहीं, बल्कि न्यायालय के आदेश की अवमानना का भी प्रतीक बनता जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी सख्ती दिखाता है।

राजकुमार वर्मा 
अबतक न्याय पीलीभीत

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।