डीएम सख्त, यातायात उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई।
गिरजा शंकर अवस्थी
जिलाधिकारी जे. रीभा ने सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा आईएएस की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल दिया। उन्होंने बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने बांदा–नरैनी–कालिंजर मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं की डेथ ऑडिट रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
शहर में बढ़ती ई-रिक्शा अव्यवस्था और अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा की नंबरिंग अनिवार्य करने, वन-वे व्यवस्था लागू करने तथा अस्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। तिंदवारी–फतेहपुर मार्ग पर झाड़ियों की सफाई और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य तत्काल पूरा कराने के आदेश भी दिए गए।
डीएम ने महाराणा प्रताप चौराहा पर वेल्डिंग जोन बनाए जाने तथा कालू कुआं चौराहा पर प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या को समाप्त करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने पर ₹25,000 की त्वरित सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
शहर में आवारा पशुओं की समस्या पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने नगर पालिका और पशु विभाग को पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशाला में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट–नो पेट्रोल’ अभियान को कड़ाई से लागू करने के आदेश दिए।
बैठक में एडीएम नमामि गंगे/सचिव बांदा विकास प्राधिकरण मदन मोहन वर्मा, एएसपी शिवराज, आरटीओ श्यामलाल, टीआई संजय मिश्रा, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: